पंजाब में चुनाव से पहले AAP को बड़ा झटका, तीन विधायकों ने दिया इस्तीफा, BJP में हुए शामिल
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी की ओर से 40 उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। बीते 24 घंटे के भीतर आम आदमी पार्टी के तीन विधायकों ने इस्तीफा दे दिया और भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।
बीजेपी में शामिल होने वाले विधायकों में समाना विधानसभा सीट से चेतन सिंह जौड़ामाजरा, सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह शामिल हैं। इन विधायकों के पार्टी छोड़ने से पंजाब की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।
बीजेपी ने किया स्वागत, AAP पर साधा निशाना
तीनों विधायकों के बीजेपी में शामिल होने पर पंजाब बीजेपी प्रमुख केवल सिंह ढिल्लों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में तीनों नेताओं को पूरा सम्मान दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी को डूबता हुआ जहाज बताया।
कांग्रेस ने भी AAP पर बोला हमला
विधायकों के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस नेता उदित राज ने भी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी में असंतोष पहले से मौजूद था और आने वाले समय में और भी नेता पार्टी छोड़ सकते हैं।
उदित राज ने पंजाब सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्य की सरकार दिल्ली के नेताओं के इशारे पर चल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की कार्यशैली पर भी टिप्पणी की।
पंजाब में तीन विधायकों के इस्तीफे और बीजेपी में शामिल होने के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। अब देखना होगा कि आम आदमी पार्टी इस घटनाक्रम के बाद संगठन को संभालने के लिए क्या कदम उठाती है।
