Headlines

गुरूर: भाजपा सत्ता और धनबल का कर रही दुरुपयोग, पलारी में कांग्रेस के पक्ष में माहौल : दीपक बैज

भाजपा सत्ता और धनबल का कर रही दुरुपयोग, पलारी में कांग्रेस के पक्ष में माहौल : दीपक बैज

नगर पंचायत पलारी में कांग्रेस की चुनावी सभा में भाजपा सरकार पर जमकर बरसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, यानेश साहू सहित पार्षद प्रत्याशियों को जिताने की अपील

गुरूर। नगर पंचायत पलारी निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस का चुनाव प्रचार लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज ने नगर पंचायत पलारी में आयोजित विशाल चुनावी सभा एवं नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्याशी यानेश साहू एवं कांग्रेस पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में जोरदार प्रचार किया। सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नगर पंचायत पलारी में कांग्रेस के पक्ष में पूरा माहौल बना हुआ है और जनता भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सत्ता और धनबल का गलत उपयोग कर चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता सब समझ चुकी है और इस बार कांग्रेस को समर्थन देने का मन बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को एक हजार रुपये देने का ढिंढोरा पीट रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली दरों में लगातार वृद्धि कर जनता की जेब से कई गुना अधिक राशि वसूल रही है। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में शराब दुकान नहीं खुलवानी है तो कांग्रेस को वोट देना होगा।
दीपक बैज ने किसानों की समस्या को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि ढाई साल की भाजपा सरकार में किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं। खाद-बीज की किल्लत बनी हुई है और किसानों को उनकी उपज का सही लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि किसानों के धान को चूहों ने नहीं बल्कि रायपुर में बैठे बड़े-बड़े “मूसवा” खा गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ को ढाई साल में बर्बादी की ओर धकेल दिया है और हर वर्ग आज परेशान है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सहित रोजमर्रा की सभी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव हार चुकी है और जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का मन बना चुकी है।
दीपक बैज ने कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्याशी यानेश साहू एवं सभी कांग्रेस पार्षद प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि “यानेश साहू को जिताइए, किसी का घर नहीं टूटने देंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पलारी क्षेत्र में लगभग 600 घर तोड़ने का काम किया है, जबकि कांग्रेस हमेशा गरीब और आम जनता के हित में काम करती रही है।
सभा के अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव को प्रभावित करने के लिए धनबल का उपयोग कर रही है और नगर पंचायत पलारी चुनाव के लिए 65 लाख रुपये लाए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने मतदाताओं से 1 जून को पंजा छाप पर भारी मतदान कर कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।

पलारी में भाजपा पर बरसीं विधायक संगीता सिन्हा, कहा — शराब भट्टी खोलने की तैयारी, जनता पर महंगाई की मार

नगर पंचायत पलारी चुनावी सभा में संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार नगर पंचायत पलारी में शराब भट्टी खोलने की तैयारी कर रही है, जिससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण बिगड़ेगा और महिलाओं व युवाओं पर बुरा प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को राशि देने का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी ओर पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सिलेंडर और बिजली बिल के दाम लगातार बढ़ाकर आम जनता की कमर तोड़ रही है। बढ़ती महंगाई से हर वर्ग परेशान है और लोगों का घर चलाना मुश्किल हो गया है।
विधायक संगीता सिन्हा ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि प्रदेश में खाद और बीज की भारी किल्लत बनी हुई है। किसान समय पर खाद-बीज नहीं मिलने से परेशान हैं और उन्हें घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने नगर पंचायत पलारी के मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की और कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता, किसानों, मजदूरों और महिलाओं के हितों की लड़ाई लड़ती रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *