*पलारी चुनाव में भाजपा का ‘मेगा शो’: डिप्टी CM विजय शर्मा से सांसद नाग तक मैदान में, कांग्रेस पर वार-पलटवार से गरमाई सियासत*
बालोद
बालोद जिले के नगर पंचायत पलारी का चुनावी रण अब ‘हाई-वोल्टेज ड्रामा’ बन गया है। भाजपा ने जीत के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी। डिप्टी सीएम विजय शर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग, भाजपा विधायक, संगठन के दिग्गज और तमाम जनप्रतिनिधि पलारी की गलियों में उतर आए हैं। धुंआधार जनसंपर्क, नुक्कड़ सभाएं और विशाल आमसभाओं से भाजपा जनता को रिझाने में जुटी है। भीषण गर्मी और चुनावी माहौल में सियासी पारा गर्म हो गया है।
*‘बड़े चेहरे, बड़ा संदेश’*
भाजपा ने साफ कर दिया कि पलारी नगर पंचायत चुनाव को हल्के में नहीं ले रही। खुद डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने मोर्चा संभाला है। गांव-गांव, वार्ड-वार्ड घूमकर डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं। सांसद भोजराज नाग केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं का हवाला दे रहे हैं। भाजपा विधायक, पूर्व विधायक और जिला संगठन के नेता कार्यकर्ताओं के साथ डोर-टू-डोर पहुंच रहे हैं। मकसद एक ही – पलारी में कमल खिलाना और शहरी सरकार बनाना है।
*जनसभा में गरजे नेता: ‘कांग्रेस ने सिर्फ लूटा’*
भाजपा के मंच से कांग्रेस पर तीखे हमले हो रहे हैं। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा, “कांग्रेस के राज में पलारी में न सड़क बनी, न नाली। जनता की समस्याओं से कांग्रेस के लोगों को कोई लेना देना नहीं है। कांग्रेस शासन में जनता त्रस्त रही। अब जनता हिसाब मांगेगी।” सांसद नाग ने कहा, “मोदी जी ने हर घर नल, हर घर शौचालय दिया। विष्णुदेव सरकार गांव-गांव विकास पहुंचा रही है। कांग्रेस ने 5 साल सिर्फ भ्रष्टाचार किया।
*‘सुशासन’ का वादा, विकास का दावा*
भाजपा के नेता हर सभा में ‘सुशासन’ का दम भर रहे हैं। वादा कर रहे हैं – “पलारी में भाजपा की नगर सरकार बनी तो पानी, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट की समस्या जड़ से खत्म होगी। अवैध कब्जे हटेंगे। युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा देंगे।” कार्यकर्ता घर-घर पर्चा बांट रहे हैं, ‘मोदी की गारंटी’ और ‘विष्णु के सुशासन’ का नारा लगा रहे हैं।
*कांग्रेस बैकफुट पर, पर मैदान नहीं छोड़ा*
भाजपा के ‘मेगा कैंपेन’ से कांग्रेस दबाव में जरूर है, पर मैदान छोड़ने को तैयार नहीं। कांग्रेसी भी नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं। भाजपा पर पलटवार करते हुए कह रहे हैं – एनओसी तो भाजपा के सरपंच ने दी, अब घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।” पलारी की जनता के सामने दोनों दल अपना-अपना रिपोर्ट कार्ड रख रहे हैं। वहीँ भाजपा नेताओं ने संगठन पदाधिकारियों की बैठक भी ले रहे हैं।
*गरमाया माहौल, जनता की नजर ‘काम’ पर*
पलारी में चुनावी चौसर बिछ चुकी है। चाय ठेलों से लेकर चौपाल तक सिर्फ चुनावी चर्चा। भाजपा के दिग्गजों की एंट्री से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। पर पलारी का वोटर अब भाषण से ज्यादा ‘काम’ देख रहा है। उसे राइस मिल की बदबू से निजात चाहिए, टूटी सड़क से छुटकारा चाहिए, नल में पानी चाहिए। भाजपा का दावा है कि ‘बड़े चेहरे’ जनता का भरोसा जीतेंगे। फैसला कुछ दिन में बैलेट बॉक्स में कैद हो जाएगा। तब तक पलारी में सियासी पारा सातवें आसमान पर है।
*भाजपा के ये नेता पहुंच चुके पलारी*
डिप्टी सीएम विजय शर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग सहित नीलू शर्मा पर्यटन मंडल आयोग के अध्यक्ष, जगन्नाथ पाणिग्रही दुर्ग संभाग के प्रभारी, यज्ञ शर्मा लघु वनोउपज संघ उपाध्यक्ष, यशवंत जैन प्रदेश महामंत्री, चेमन देशमुख जिला अध्यक्ष, राकेश यादव जन सेवक, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार, सनौद मंडल प्रभारी पुष्पेंद्र चंद्राकर, राकेश छोटू यादव, टोमन साहू, प्रतिभा चौधरी, अश्विनी यादव, तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, कृष्ण कुमार ठाकुर साहू, ईशा प्रकाश साहू, दुर्गानंद साहू, खेमलाल देवांगन, टुकेश्वर पांडे, आनंद शर्मा, संध्या आजेंद्र साहू, प्रदीप साहू, नरेश साहू, तेजराम साहू, लक्ष्मी अशोक साहू,उज्ज्वल साहू चंद्रिका गंजीर मीनासत्येन्द्रसाहू ,ललिता पीमन साहू ढंगुराम साहू, नंद कुमार साहू, गुलाब सिंहा, नागेश सलाम ज्ञलेंद्र साहू, प्रेम साहू, आसाराम साहू आदि भाजपा नेता शामिल हैं।
—————

