Headlines

*बालोद: पलारी में ‘हार के डर’ से बौखलाई कांग्रेस! BJP जिलाध्यक्ष देशमुख की हुंकार – ‘EVM का रोना छोड़ो, जनता ने तुम्हें नकार दिया’*

||दीपक देवदास, बालोद ||

*बालोद* नगर पंचायत पलारी का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होते ही सियासी जंग तेज हो गई। भाजपा जिलाध्यक्ष चेमनलाल देशमुख ने जनता और प्रशासन का आभार जताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस के EVM गड़बड़ी और प्रशासन पर लगाए आरोपों को देशमुख ने ‘हार की हताशा’ करार दिया। देशमुख ने कहा कि कांग्रेस के लोग चुनाव में हार का बहाना पहले ही ढूंढ लेते हैं। चुनाव के दौरान कांग्रेस के लोगों के द्वारा शांति भंग करने की कोशिश की गई।

*देशमुख का पलटवार: ‘बयानबाजी नहीं, जनादेश स्वीकार करो’*
जिलाध्यक्ष चेमनलाल देशमुख ने कहा कि भीषण गर्मी में पलारी की जनता ने लोकतंत्र के उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भारी मतदान लोकतंत्र की जीत है। लेकिन कांग्रेस को अपनी हार साफ दिख रही है, इसलिए अब EVM और प्रशासन पर ठीकरा फोड़ रहे हैं।देशमुख ने तंज कसते हुए कहा कि जब जनता नकार देती है तो कांग्रेस को हर बार EVM खराब लगती है, अफसर बेईमान लगते हैं। ये हार का बहाना है, जनता का अपमान है।

*‘सुबह से रात तक मैदान में रही भाजपा’*
जिला अध्यक्ष देशमुख ने बताया कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता प्रदेश और जिला नेतृत्व के मार्गदर्शन में सुबह से रात तक बूथ पर डटा रहा। मैं खुद जिला अध्यक्ष के नाते पूरे चुनाव में सक्रिय रहा। हमारे नेता-कार्यकर्ता घर-घर गए, जनता से संवाद किया। पलारी ने विकास के लिए कमल पर भरोसा जताया है। वहीं कांग्रेस के नेता एसी कमरों से निकले ही नहीं, अब हार का ठीकरा मशीन और प्रशासन पर फोड़ रहे हैं।

*कांग्रेस का आरोप: चुनाव में प्रशासन-सत्ता की मिलीभगत*
उधर कांग्रेस ने मतदान के दौरान ही हंगामा खड़ा कर दिया। संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने बूथ क्रमांक 1 और 8 का निरीक्षण कर EVM में गड़बड़ी का आरोप लगाया। कांग्रेस का कहना है कि 72 वोट के बाद मशीन में तकनीकी खराबी आई। बटन दबाने पर भी दिक्कत हुई। पार्टी नेताओं ने निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस और प्रशासनिक अमले की भूमिका पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि अफसर सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रहे हैं और चुनाव को प्रभावित करने की साजिश रची गई। कांग्रेस के आरोपों को भाजपा नेता चुनाव में दिख रही हार की बौखलाहट बता रहे हैं।

*देशमुख ने कहा- जनता ने जवाब दे दिया’*
कांग्रेस के आरोपों पर BJP जिलाध्यक्ष देशमुख आगबूला हो गए। बोले, “कांग्रेस हर चुनाव से पहले EVM को कोसती है, हार के बाद रोती है। अगर मशीन खराब थी तो आपके पोलिंग एजेंट कहां थे? आपत्ति दर्ज क्यों नहीं कराई? हकीकत ये है कि पलारी की जनता ने कांग्रेस के 5 साल के कुशासन को देखा है। कांग्रेस के भ्रष्टाचार को जनता ने नकार दिया। अब लोकतंत्र पर सवाल उठाकर अपनी नाकामी छिपा रहे हो।

*प्रशासन-जनता को दिया साधुवाद*
बालोद जिला अध्यक्ष देशमुख ने पलारी में शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, निर्वाचन अमले और पलारी की जागरूक जनता का आभार जताया। कहा, “भीषण गर्मी के बावजूद कतार में लगकर वोट डालना लोकतंत्र की खूबसूरती है। प्रशासन ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराया। कांग्रेस के झूठे आरोपों से सच्चाई नहीं बदलेगी। पलारी में मतदान हो चुका है, अब EVM में जनादेश कैद है। भाजपा जीत को लेकर आश्वस्त है, कांग्रेस EVM का राग अलाप रही है। देशमुख का दावा है कि जनता ने सुशासन को वोट दिया है। कांग्रेस का EVM रोना बंद नहीं होगा, क्योंकि उन्हें पता है – पलारी में कमल खिल चुका है। मतगणना वाले दिन दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।
————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *