||दीपक देवदास, बालोद ||

गुरुर। नवगठित नगर पंचायत पलारी के आम निर्वाचन के लिए संपन्न हुए मतदान के बाद अब सभी की निगाहें 4 जून को होने वाली मतगणना पर टिकी हुई हैं। अध्यक्ष और पार्षद पद के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में सुरक्षित है, जिसका खुलासा गुरुवार को मतगणना के दौरान होगा।
नगर पंचायत पलारी में पहली बार हुए इस चुनाव को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला था। मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। चुनाव परिणाम को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन की मजबूती के दम पर पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन मिला है। भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा है कि नगर पंचायत में भाजपा अध्यक्ष सहित अधिकांश वार्डों में जीत दर्ज करेगी।
वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि स्थानीय मुद्दों, जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर कांग्रेस को जनता का समर्थन प्राप्त हुआ है। कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार नगर पंचायत पलारी में परिवर्तन की लहर है और इसका लाभ पार्टी को मिलेगा।
मतदान के बाद से ही प्रत्याशी और उनके समर्थक अपने-अपने स्तर पर जीत-हार के आंकड़े लगाने में जुटे हुए हैं। चाय चौपालों से लेकर बाजार और गांवों तक चुनाव परिणाम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। मतगणना स्थल पर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है।
अब देखना यह होगा कि मतदाता किस दल पर अपना भरोसा जताते हैं और नवगठित नगर पंचायत पलारी की पहली सरकार बनाने का अवसर किसे मिलता है। 4 जून को होने वाली मतगणना के साथ ही सभी अटकलों पर विराम लग जाएगा और नगर पंचायत के नए जनप्रतिनिधियों की तस्वीर साफ हो जाएगी।

