संवाददाता || दीपक देवदास || बालोद
गुरुर। नगर पंचायत पलारी में संपन्न हुए निकाय चुनाव शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाए रखने में एसडीओपी माया शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके कुशल नेतृत्व और सतत निगरानी के चलते मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही तथा मतदाताओं ने निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान दिवस पर एसडीओपी माया शर्मा ने नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त किया जा सके।
चुनाव के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी। एसडीओपी माया शर्मा ने स्वयं कई मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मतदान प्रक्रिया की जानकारी ली।
मतदान के दौरान मतदाताओं में भी उत्साह देखने को मिला। महिला, पुरुष और युवा मतदाता बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचे। शांतिपूर्ण वातावरण और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के कारण मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी चुनाव के दौरान पुलिस प्रशासन की सक्रियता और तत्परता की सराहना की। पूरे चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रशासन और पुलिस के समन्वित प्रयासों से नगर पंचायत पलारी का मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

