Headlines

डॉ. रमन सिंह की अनुशंसा पर ग्रामीण क्षेत्रों को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगात, जनपद अध्यक्ष प्रतिमा पप्पू चंद्राकर ने जताया आभार

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. रमन सिंह की अनुशंसा पर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

स्वीकृत विकास कार्यों के तहत भोथीपार कला से भोथीपार खुर्द-अर्जुदा मुख्य मार्ग तक 4.80 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 4 करोड़ 55 लाख 54 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह भोथीपार खुर्द से सिंघोला तक 2.30 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 2 करोड़ 19 लाख 95 हजार रुपये, बम्हनी से बाकल तक 2.20 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 2 करोड़ 97 लाख 17 हजार रुपये तथा उसरीबोड से भोथीपार खुर्द नावापारा तक 1.80 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 87 लाख 54 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इसके अलावा रवेली से तोरणकटा पहुंच मार्ग के 1.20 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 55 लाख 52 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं तोरणकटा से ठाकुरटोला पहुंच मार्ग के निर्माण को भी मंजूरी मिली है।

इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही कृषि उपज के परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। ग्रामीण क्षेत्रों की लंबे समय से महसूस की जा रही सड़क सुविधा की जरूरतों को पूरा करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर राजनांदगांव जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिमा पप्पू चंद्राकर सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह के मार्गदर्शन एवं अनुशंसा से क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर प्राथमिकता मिल रही है। इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदलेगी और विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *