Headlines

सेवा सहकारी समिति खुज्जी में धान खरीदी का शुभारंभ, जागृति चुन्नी यदु ने पूजा-अर्चना कर किया उद्घाटन

 

किसानों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और किसान हितैषी निर्णयों की दी जानकारी, धान खरीदी की दी शुभकामनाएं

डोंगरगांव। सेवा सहकारी समिति खुज्जी पंजीयन क्रमांक 1041 में खरीफ विपणन वर्ष के तहत धान खरीदी का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष जागृति चुन्नी यदु शामिल हुईं। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया तथा उपस्थित किसानों को धान खरीदी की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जागृति चुन्नी यदु ने किसानों को प्रदेश की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं, उपलब्धियों एवं किसानों के कल्याण के लिए लिए जा रहे महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि, कृषि क्षेत्र के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जनकल्याणकारी निर्णय ले रही है। उन्होंने किसानों से शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा धान खरीदी प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं समाजसेवी उत्तम नाहटा ने की। इस अवसर पर सेवा सहकारी समिति खुज्जी के अध्यक्ष तसत राम सोनकर, कमल नारायण साहू, ग्राम पंचायत दर्री के सरपंच शुद्धोधन रामटेके, ग्राम पंचायत बड़भूम की बिसन बाई अलेन्द्र, ग्राम पटेल हेमंत साहू, भाजपा बूथ अध्यक्ष बड़भूम पुरुषोत्तम सिन्हा, राधेश्याम कमरिया, मोहन साहू भटगुना, तिलक सानू भटगुना, सदाराम सोनकर खुज्जी, खोरबाहरा निषाद, भीखम साहू करेठी एवं संतोष मंडावी उपस्थित रहे।

इसके अलावा नोडल अधिकारी सह राजस्व निरीक्षक डोंगरगांव फारुख खान, समिति प्रबंधक जितेंद्र यादव, सहायक समिति प्रबंधक रामजी कोसरिया, लिपिक सह कंप्यूटर ऑपरेटर आदर्श देवांगन एवं बुझारू राम सोनकर सहित समिति से जुड़े विभिन्न ग्रामों के किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

धान खरीदी के शुभारंभ के साथ ही किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। किसानों ने समर्थन मूल्य पर अपनी उपज विक्रय की प्रक्रिया शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समिति पदाधिकारियों एवं किसानों की सहभागिता से आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *