Headlines

चौथी बार CM बनने को तैयार अशोक गहलोत, आलाकमान के इशारे का इंतजार!

चौथी बार CM बनने को तैयार अशोक गहलोत! आलाकमान के फैसले पर दिया बड़ा बयान

राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान ने हलचल बढ़ा दी है। तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके गहलोत ने चौथी बार इस पद पर वापसी की संभावना को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस आलाकमान को लगता है कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाना पार्टी के हित में है, तो वह इसके लिए मना नहीं करेंगे और न ही कोई दिखावा करेंगे।

हालांकि, गहलोत ने यह भी साफ किया कि वह अपने राजनीतिक सफर से पूरी तरह संतुष्ट हैं। तीन बार मुख्यमंत्री बनने और केंद्र सरकार में कई अहम पदों पर काम करने को उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया।

‘तीन बार मुख्यमंत्री बनना कम होता है क्या?’

अपने राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि उन्हें इंदिरा गांधी के समय डिप्टी मिनिस्टर बनने का मौका मिला। इसके बाद राजीव गांधी ने उन्हें प्रमोट किया और नरसिम्हा राव की सरकार में वह कपड़ा मंत्री बने।

गहलोत ने कहा कि वह पिछले 50 साल से दिल्ली आते-जाते रहे हैं और अपने राजनीतिक सफर से खुश हैं। उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा कि तीन बार मुख्यमंत्री बनना क्या कम उपलब्धि है?

चौथी बार सरकार बनाने के नारों पर क्या बोले?

अशोक गहलोत ने बताया कि जब उनके समर्थक चौथी बार गहलोत सरकार बनाने के नारे लगाते हैं, तो वह खुद उन्हें ऐसा करने से रोकते हैं। उन्होंने कहा कि वह दिल से मानते हैं कि उन्हें राजनीति में काफी कुछ मिल चुका है और वह किसी पद के लिए बेचैन नहीं हैं।

दिल्ली की राजनीति में नई भूमिका से किया इनकार

दिल्ली में किसी नई राजनीतिक जिम्मेदारी मिलने की अटकलों पर भी गहलोत ने स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि न तो पार्टी की ओर से उन्हें कोई संकेत मिला है और न ही इस बारे में कोई चर्चा हुई है।

हालांकि, मुख्यमंत्री पद को लेकर आलाकमान पर छोड़ा गया उनका फैसला अब राजस्थान की सियासत में नई चर्चा छेड़ सकता है। सवाल यही है कि क्या आने वाले समय में अशोक गहलोत एक बार फिर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नजर आएंगे या तीन बार मुख्यमंत्री रहने के अपने सफर से ही संतुष्ट रहेंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *