Headlines

BJP OBC मोर्चा में बड़ा फेरबदल, नए पदाधिकारियों की लिस्ट जारी

BJP ने युजवेंद्र चहल को दी बड़ी जिम्मेदारी, OBC मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में मिली जगह

भारतीय जनता पार्टी ने अपने OBC मोर्चा के संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों की नियुक्ति की है। पार्टी की ओर से जारी नई सूची में सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र सिंह चहल के नाम की हो रही है। उन्हें BJP OBC मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

बीजेपी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नई नियुक्तियों की आधिकारिक सूची जारी की। इसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय मंत्री समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

7 नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने OBC मोर्चा में कुल 7 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं। इनमें असम से जोगेन मोहन, ओडिशा से ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश से संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद को जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा महाराष्ट्र से बबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली से सत प्रकाश राणा और बिहार से डॉ. अर्जुन साहनी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

राष्ट्रीय महामंत्री और मंत्रियों की भी नियुक्ति

राष्ट्रीय महामंत्री पद पर दिल्ली से गजेंद्र यादव, कर्नाटक से प्रमोद मध्वराज और छत्तीसगढ़ से ललित चंद्राकार को नियुक्त किया गया है।

वहीं, राष्ट्रीय मंत्री के पद पर गुजरात से दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु से टी. वरथराजन, झारखंड से संजीव कुमार, हरियाणा से सरिता जांगिड़, तेलंगाना से कडगंची रमेश, मध्य प्रदेश से वैभव पंवार और बिहार से भीम कुमार साहू को जिम्मेदारी दी गई है।

इसके साथ ही पार्टी ने कोषाध्यक्ष, कार्यालय मंत्री, मीडिया संयोजक और सोशल मीडिया संयोजक समेत कई अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की हैं।

37 नेताओं को राष्ट्रीय कार्यसमिति में जगह

बीजेपी ने OBC मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में 37 सदस्यों को भी नियुक्त किया है। इस सूची में देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के नेताओं को शामिल किया गया है।

उत्तर प्रदेश से भुवन भूषण कमल और डॉ. ऋचा राजपूत को राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। वहीं, महाराष्ट्र, बिहार, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के नेताओं को भी जगह मिली है।

युजवेंद्र चहल और सीमा समृद्धि कुशवाहा भी शामिल

नई नियुक्तियों में तीन नाम विशेष आमंत्रित सदस्यों के तौर पर शामिल किए गए हैं। इनमें भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र सिंह चहल, उत्तर प्रदेश की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा और ओडिशा से प्रो. अद्वैत चरण गणनायक का नाम शामिल है।

चहल को संगठन में मिली इस जिम्मेदारी के बाद राजनीतिक और खेल जगत में चर्चा तेज हो गई है। बीजेपी की नई टीम के जरिए OBC मोर्चा को संगठनात्मक स्तर पर मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *