
छुरिया । खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम छिन्दीबिरही (कापा) में आयोजित एक दिवसीय रात्रिकालीन कबड्डी एवं चौसर प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समापन समारोह में खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक भोलाराम साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों को बधाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक भोलाराम साहू ने कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों का आयोजन युवाओं की प्रतिभा को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और ग्रामीण एकता को भी मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक सोच, प्रतिस्पर्धा की भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। ग्रामीण अंचलों में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन होते रहना चाहिए, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
ग्राम छिन्दीबिरही में आयोजित रात्रिकालीन प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल भावना और उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन के माध्यम से ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता का समापन खेल भावना, युवा उत्साह और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुमरदा के अध्यक्ष प्रताप धावड़े, भागवताचार्य राघो प्रसाद मिश्रा (रतनभाट), वन विभाग से कमलेश जांगड़े, बेदुराम साहू (पटेल, कलडबरी), गिरधारी लाल भआर्य, भोजकुमार गंजीर (शिक्षक, छिन्दीबिरही), लखन लाल सार्वा (ग्राम प्रमुख), कार्तिक राम साहू, नसीब खान, नीलकुमार गजपाल (पंच), लालुराम साहू, लच्छन लाल पटेल, माघोदास माण्डे एवं बिसेसर लाल सार्वा सहित प्रतियोगिता समिति के सदस्य, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

