Headlines

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का आरोपी हैरी बॉक्सर US में गिरफ्तार

अमेरिका में लॉरेंस गैंग को बड़ा झटका, हैरी बॉक्सर हिरासत में; रोहित शेट्टी फायरिंग से जुड़ा है नाम

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों ने यह कार्रवाई की है। हैरी बॉक्सर पर भारत में हत्या, रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हैरी बॉक्सर का नाम बॉलीवुड फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना में भी सामने आया था। इस हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और ऑडियो संदेश के जरिए बॉक्सर ने कथित तौर पर हमले की जिम्मेदारी ली थी। इसके साथ ही बॉलीवुड से जुड़े लोगों को धमकियां भी दी गई थीं।

बताया जा रहा है कि हैरी बॉक्सर अमेरिका में बैठकर लॉरेंस गैंग की गतिविधियों को संचालित कर रहा था। अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी यानी ICE के अधिकारियों ने उसे कैलिफोर्निया से हिरासत में लिया है।

अमेरिका में बैठकर भारत में चला रहा था गैंग की गतिविधियां

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विदेश में बैठकर भारत में आपराधिक गतिविधियां संचालित करने वाले गैंगस्टरों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। हैरी बॉक्सर से पहले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में हिरासत में लिया जा चुका है।

इन आरोपियों पर भारत में कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। अब हैरी बॉक्सर की हिरासत को भी विदेश में छिपकर आपराधिक नेटवर्क चलाने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।

रोहित शेट्टी के घर के बाहर कब हुई थी फायरिंग?

दरअसल, 1 फरवरी 2026 की देर रात मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग हुई थी। हमलावरों ने शेट्टी टावर के बाहर कई राउंड गोलियां चलाई थीं। घटना के वक्त रोहित शेट्टी अपने घर में ही मौजूद थे। हालांकि, इस वारदात में किसी के घायल होने की खबर नहीं आई थी।

फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट सामने आई थी, जिसमें शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर और हरमन संधू के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पोस्ट में रोहित शेट्टी को पहले चेतावनी दिए जाने की बात भी कही गई थी।

अब अमेरिका में हैरी बॉक्सर की हिरासत के बाद इस मामले से जुड़े गैंग नेटवर्क पर भी जांच एजेंसियों की नजर है। फिलहाल आगे की कानूनी प्रक्रिया और भारत में उसकी संभावित वापसी को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *