Headlines

पेपर लीक दोषियों पर कसेगा शिकंजा, PM मोदी के फैसले पर CJP का रिएक्शन

पेपर लीक मामले पर PM मोदी का बड़ा ऐलान, CJP ने उठाई इस्तीफे की मांग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामलों को लेकर बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। पीएम मोदी ने कहा है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा के लिए सरकार लगातार फैसले ले रही है और फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

वहीं, पीएम मोदी के इस ऐलान पर कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई है। पार्टी का कहना है कि सिर्फ घोषणा से काम नहीं चलेगा, बल्कि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

CJP की प्रतिक्रिया से साफ है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र अपनी मांगों पर कायम रहेंगे। प्रदर्शनकारी लगातार पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि पेपर लीक की समस्या किसी एक राज्य या सरकार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी गलती करने की हिम्मत न जुटा सके।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि कानून का डर पैदा करने के लिए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

सरकार का कहना है कि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखना उसकी पहली प्राथमिकता है। इसी दिशा में नीट जैसी परीक्षाओं को लेकर भी जल्द फैसले लिए गए और छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को नुकसान से बचाने की कोशिश की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *