समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका की मुलाकात को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है. यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने इस मुलाकात पर अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है.
राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि क्या अखिलेश यादव को अब अपने कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं रहा, जो उन्हें ‘तिलचट्टों’ का सहारा लेना पड़ रहा है.
अखिलेश यादव पर राजभर का तीखा तंज
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला. उन्होंने मुलाकात को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव अपने कार्यकर्ताओं पर भरोसा करने के बजाय अब ‘तिलचट्टों’ का सहारा लेते नजर आ रहे हैं.
राजभर ने अपने पोस्ट में समाजवादी पार्टी की पुरानी राजनीति का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर कई सवाल भी उठाए. उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव ने गांव-गांव जाकर पार्टी को मजबूत किया, लेकिन आज अखिलेश यादव पर आरोप लग रहे हैं कि वह सत्ता की राजनीति के लिए नए चेहरों का सहारा ले रहे हैं.
राजभर ने अखिलेश यादव पर विदेशी ताकतों और पैसे के सहारे राजनीति करने का आरोप भी लगाया. साथ ही उन्होंने सपा समर्थक युवाओं को लेकर भी अखिलेश यादव को नसीहत दी.
आशुतोष रांका से मुलाकात के बाद बढ़ी सियासी हलचल
दरअसल, गुरुवार को सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने अखिलेश यादव से मुलाकात की थी. दोनों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई.
बताया गया कि बैठक में शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. हालांकि, इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.
इस मुलाकात को छात्र और युवाओं को समाजवादी पार्टी के साथ जोड़ने की संभावित कवायद से भी जोड़कर देखा जा रहा है. वहीं, ओम प्रकाश राजभर के तीखे बयान ने इस मुलाकात को लेकर चल रही सियासी चर्चा को और गरमा दिया है.

