Headlines

आसन्न राजस्थान नगर निकाय चुनाव में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने भाजपा को दिया समर्थन

जयपुर, राजस्थान। आसन्न राजस्थान नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने भारतीय जनता पार्टी को अपना औपचारिक समर्थन प्रदान किया है। इसी क्रम में आज भाजपा प्रदेश मुख्यालय, जयपुर में सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राजस्थान प्रभारी श्री सुभाष चन्द्र यादव जी ने तथा प्रदेश अध्यक्ष श्री विजय सिंह राजभर जी ने भाजपा के प्रदेश महासचिव तथा पूर्व मंत्री राजस्थान सरकार श्री श्रवण कुमार बागड़ी जी को समर्थन पत्र सौंपा।

यह समर्थन पत्र सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ एवं हज विभाग के कैबिनेट मंत्री माननीय श्री ओमप्रकाश राजभर जी तथा पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव माननीय श्री अरविंद राजभर जी के निर्देशानुसार सौंपा गया।

इस अवसर पर श्री सुभाष चन्द्र यादव ने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की एक महत्वपूर्ण सहयोगी पार्टी है। पार्टी राष्ट्रवाद, सामाजिक न्याय, सुशासन एवं विकास की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध है। इसी भावना के अनुरूप राजस्थान के नगर निकाय चुनावों में भाजपा को समर्थन देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों को जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है। सुभासपा राजस्थान में भाजपा प्रत्याशियों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।

श्री सुभाष चन्द्र यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा के नेतृत्व में राजस्थान के नगर निकायों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सुभासपा के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता चुनाव में भाजपा के पक्ष में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

अंत में दोनों दलों के नेताओं ने गठबंधन की मजबूती, सामाजिक समरसता तथा प्रदेश के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और आसन्न चुनावों में ऐतिहासिक सफलता का विश्वास व्यक्त किया।

-:जारीकर्ता:-
प्रदेश मिडिया प्रभारी
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *