रायबरेली में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दौरे को लेकर यूपी के राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने उन पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे के दूसरे दिन कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कार्यक्रम भुएमऊ गेस्ट हाउस में आयोजित किया गया था।
इसी को लेकर दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें ‘डरपोक गांधी’ और ‘नकली गांधी’ तक बता दिया। उन्होंने कहा कि जो नेता देशभर में ‘डरो मत’ का नारा देते हैं, वही अपने संसदीय क्षेत्र में जनता के बीच कार्यक्रम करने से डर रहे हैं।
‘डरो मत’ कहने वाले राहुल खुद डरे हुए हैं?
दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपनी सांसद निधि से कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास निजी आवास में किया। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकारी योजनाओं का कार्यक्रम किसी के निजी घर के भीतर कैसे आयोजित किया जा सकता है।
राज्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘डरो मत’ का नारा लगाने वाले नेता प्रतिपक्ष की असली तस्वीर रायबरेली में देखने को मिल गई। उन्होंने तंज कसते हुए राहुल गांधी को ‘रागा बहादुर’ और ‘डरपोक’ बताया।
दिशा की बैठक में भी हुआ था विवाद
राहुल गांधी के रायबरेली दौरे से पहले जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति यानी दिशा की बैठक भी सुर्खियों में रही थी। बैठक के दौरान राहुल गांधी और दिनेश प्रताप सिंह के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ।
बताया गया कि राहुल गांधी ने बैठक में रायबरेली की खराब और टूटी सड़कों का मुद्दा उठाया था। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच बहस हो गई।
दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सरकारी योजनाओं की समीक्षा करने के बजाय उनकी कमियां तलाशने में ज्यादा रुचि ले रहे थे।
मंत्री के मुताबिक, बैठक में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने योजना और उसके प्रचार-प्रसार से जुड़ी जानकारी मांगी। इस पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि रायबरेली के सांसद होने के नाते उन्हें इन योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए। इसी बात को लेकर दोनों नेताओं के बीच फिर तीखी बहस हुई।
अब राहुल गांधी के रायबरेली दौरे और विकास कार्यों के लोकार्पण को लेकर दिनेश प्रताप सिंह के हमले ने यूपी की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है।

