Headlines

यूपी चुनाव पर संजय निषाद का बड़ा दावा, ‘लगता है 2027 में…’

गाजियाबाद दौरे पर पहुंचे निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने जातिगत जनगणना से लेकर 2027 विधानसभा चुनाव तक कई मुद्दों पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने NDA को लेकर दावा किया कि अगर उनकी पार्टी को हारी हुई सीटें दी जाएं, तो वह उन्हें जीत में बदल सकती है।

संजय निषाद ने कहा कि देश में जातिगत जनगणना होनी चाहिए और लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकारों ने इस दिशा में कदम नहीं उठाया, जबकि मौजूदा सरकार जातिगत जनगणना करा रही है।

मंत्री ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों के शासनकाल में दलितों और पिछड़ी जातियों के हिस्से का नुकसान हुआ और सरकारी नौकरियों में एक ही जाति के लोगों का दबदबा रहा। संजय निषाद ने सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट का हवाला देते हुए ये बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि NDA सरकार सभी जातियों, धर्मों और वर्गों को समान अवसर देने का काम कर रही है। साथ ही अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए संजय निषाद ने कहा कि अखिलेश यादव जो कहते हैं, उसका उल्टा ही होता है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भी उत्तर प्रदेश में NDA की सरकार बनती दिखाई दे रही है।

‘हारी हुई सीट हमें दीजिए, जीत में बदल देंगे’

2027 के चुनाव को लेकर संजय निषाद ने NDA के सामने अपनी पार्टी की दावेदारी भी रखी। उन्होंने कहा कि सहयोगी दल का काम सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि सीट को जीत में बदलना है।

संजय निषाद ने दावा किया कि पिछली बार उनकी पार्टी को 16 सीटें जिताने का काम किया गया और अब भी वह जीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि निषाद समाज से जुड़े सामाजिक मुद्दों का समाधान बीजेपी के साथ रहकर ही संभव है और इसी वजह से उनकी पार्टी NDA के साथ मजबूती से खड़ी है।

जातिगत जनगणना को लेकर उन्होंने विपक्ष पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे यह साफ हो जाएगा कि किस जाति की कितनी आबादी है और किसके पास कितनी राजनीतिक हिस्सेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *