Headlines

PM मोदी को पुतिन का रूस आने का न्योता, मुलाकात में कई अहम मुद्दों पर चर्चा

ब्रिक्स समिट 2026 का आगाज हो चुका है और समिट के बिजनेस फोरम में दुनिया के कई बड़े नेता और कारोबारी जुटे हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की गई।

भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच बातचीत में पश्चिम एशिया और ब्लैक सी क्षेत्र के हालात पर विशेष चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और दूसरे अहम मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर संवाद और कूटनीति के जरिए विवादों के समाधान पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी संघर्ष का समाधान बातचीत और डिप्लोमेसी के रास्ते से ही निकाला जा सकता है। भारत ने यह भी स्पष्ट किया कि वह शांति स्थापित करने की कोशिशों में सहयोग देने के लिए तैयार है।

वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 24वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए रूस आने का निमंत्रण दिया। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। दोनों देशों की आपसी सुविधा के अनुसार शिखर सम्मेलन की तारीख राजनयिक माध्यमों से तय की जाएगी।

द्विपक्षीय बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन एक साथ इनोप्रॉम प्रदर्शनी देखने के लिए रवाना हुए। दोनों नेताओं ने भारत मंडपम में लगी प्रदर्शनी का दौरा किया और इसके बाद ब्रिक्स बिजनेस फोरम में पहुंचे।

ब्रिक्स बिजनेस फोरम में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। ईरान के राष्ट्रपति भी बिजनेस फोरम की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे।

ब्रिक्स समिट के बीच मोदी-पुतिन की इस मुलाकात को भारत और रूस के रिश्तों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। खास तौर पर वैश्विक संघर्षों के बीच संवाद, कूटनीति और शांति पर भारत के जोर ने इस बैठक को और महत्वपूर्ण बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *