Headlines

रंगीटोला में धूमधाम से मनाया गया विजयदशमी पर्व, विधायक भोलाराम साहू ने किया सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ; लोक गायक सुनील सोनी एवं उनकी टीम की रंगारंग प्रस्तुति ने बांधा समां, ग्रामीणों में दिखा उत्साह

 

छुरिया । ग्राम रंगीटोला (चिचोला) में विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक भोलाराम साहू शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों को विजयदशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पर्व के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में ग्रामीणों और युवाओं का उत्साह देखते ही बना।
विजयदशमी के अवसर पर रात्रि में युवा एकता मंच एवं ग्रामवासियों के संयुक्त सहयोग से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोक गायक सुनील सोनी एवं उनकी टीम ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। विधायक भोलाराम साहू ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, संगीत एवं सांस्कृतिक परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली। लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन ने ग्रामीण परिवेश में आपसी मेल-मिलाप, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश दिया।
विजयदशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इसी भावना के साथ ग्राम रंगीटोला में आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को एकजुट होकर अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी। युवा एकता मंच एवं ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
इस अवसर पर हरजीत अरोरा, जनपद सदस्य चुम्मन साहू, अशोक, भावेश सिन्हा, विनोद मंडलोई, राकेश धनकर, पुनाराम सिन्हा, ईश्वर सिन्हा, यमन सिन्हा, निम्मी अरोरा, मोनू सिन्हा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, युवा एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्रामवासियों की सहभागिता से विजयदशमी का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा, ग्रामीण एकता एवं आपसी भाईचारे का प्रतीक बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *