डोंगरगांव। जनपद पंचायत डोंगरगांव के सभागृह में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजनांदगांव जिला पंचायत सभापति एवं जिला भाजपा उपाध्यक्ष श्रीमती जागृति चुन्नी यदु शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान कर उनके समर्पण, मेहनत और सेवाभाव की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती जागृति चुन्नी यदु ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु कल्याण तथा महिलाओं के सशक्तिकरण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे जमीनी स्तर पर शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ ही समाज और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के निर्माण में अहम योगदान दे रही हैं। उनका कार्य केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका बहनों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मातृशक्ति का समर्पण और सेवाभाव ही समाज की वास्तविक ताकत है। उनके अथक प्रयासों से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिल रही है।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री रंजीत पटौदी, महिला एवं बाल विकास सभापति श्रीमती ममता पटेल, जय साहू, डोंगरगांव नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री रोहित गुप्ता, श्रीमती पद्मिनी ठाकुर, श्रीमती गेंदा बाई साहू, महिला एवं बाल विकास अधिकारी डॉ. वीरेंद्र साहू, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती रोशनी भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
