रंगोली, चित्रकला, मूर्तिकला और खानपान के स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र, अतिथियों ने बच्चों का किया उत्साहवर्धन
राजनांदगांव । भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर 17 नवंबर को ग्राम बघेरा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।
बाल मेले में बच्चों ने विभिन्न प्रकार के खानपान के स्टॉल लगाए। वहीं रंगोली, चित्रकला, मूर्तिकला और आकर्षक शैक्षणिक प्रोजेक्ट के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का परिचय दिया। बच्चों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियां और प्रोजेक्ट अतिथियों एवं उपस्थितजनों के आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने न केवल अपनी प्रतिभा दिखाई, बल्कि मेले के माध्यम से व्यवहारिक ज्ञान, आपसी सहयोग और आत्मनिर्भरता का अनुभव भी प्राप्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक और व्यावहारिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना रहा। इस दौरान अतिथियों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधानपाठक एलेन सर, हाई स्कूल अध्यक्ष दुर्जन लाल देवांगन, प्राथमिक शाला अध्यक्ष आरती साहू, शिक्षाविद् एवं रक्तवीर दुष्यंत सेन, प्राथमिक शाला की पूर्व अध्यक्ष सरिता मंडावी, लीना देवांगन, हीना साहू, कल्पना रामटेके एवं दीपिका वर्मा सहित अन्य उपस्थितजन मौजूद रहे।
सभी अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना शिक्षकों, अभिभावकों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बाल दिवस का वास्तविक उद्देश्य भी यही है कि प्रत्येक बच्चे को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिले और उसका बचपन शिक्षा, संस्कार, खुशियों तथा रचनात्मक गतिविधियों से परिपूर्ण हो।
