40 गांवों के ग्रामीणों और गर्भवती महिलाओं को मिलेगी बड़ी राहत, मांग पूरी होने पर जनप्रतिनिधियों के प्रति जताया आभार
राजनांदगांव । विकासखंड छुरिया के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बूचाटोला में एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग जिला पंचायत राजनांदगांव की सभापति एवं राष्ट्रीय आजीविका मिशन की सभापति श्रीमती बिरम मंडावी द्वारा की गई थी। उनकी पहल पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सांसद संतोष पांडे के पहल पर 24 घंटे के भीतर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बूचाटोला के लिए एंबुलेंस की मांग पूरी हो गई है। इससे क्षेत्र के लगभग 40 आश्रित ग्रामों के ग्रामीणों, मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बूचाटोला के अंतर्गत आने वाले 40 गांवों के मरीजों को आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्वास्थ्य केंद्र छुरिया की दूरी ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 30 किलोमीटर होने तथा समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण मरीजों और गर्भवती महिलाओं को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बूचाटोला स्वास्थ्य केंद्र में स्वयं की एंबुलेंस नहीं होने से यह समस्या लंबे समय से बनी हुई थी।
ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए जिला पंचायत सभापति श्रीमती बिरम मंडावी ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को पत्र लिखकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बूचाटोला में एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की थी। उनकी मांग पर त्वरित पहल होने से क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सौगात मिली है।
मांग पूरी होने पर श्रीमती बिरम मंडावी ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद संतोष पांडे, महापौर मधुसूदन यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि एंबुलेंस की सुविधा मिलने से अब क्षेत्र के मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने में काफी सहूलियत होगी। विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में यह सुविधा जीवनरक्षक साबित होगी। उन्होंने क्षेत्र की जनता की स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।
