Headlines

हस्तशिल्प हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की पहचान है – जागृति चुन्नी यदु; ग्राम कोहका में चौपाल हस्तशिल्प जागरूकता एवं प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित, जिला पंचायत सभापति ने की शिरकत

 

रूपेंद्र साहू
राजनांदगांव। विकासखंड डोंगरगांव के ग्राम कोहका में चौपाल हस्तशिल्प जागरूकता एवं प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजनांदगांव जिला पंचायत सभापति एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रीमती जागृति चुन्नी यदु शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों, ग्रामीणों एवं उपस्थित लोगों से संवाद कर पारंपरिक कला और शिल्प के संरक्षण एवं संवर्धन पर जोर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती जागृति चुन्नी यदु ने कहा कि हस्तशिल्प हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण जीवनशैली की महत्वपूर्ण पहचान है। गांवों में पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही हस्तकला केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत भी है। इसे संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली कारीगर मौजूद हैं, जिनके हाथों में हुनर और सृजन की अद्भुत क्षमता है। जरूरत इस बात की है कि उन्हें उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और बाजार उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके उत्पादों को व्यापक पहचान मिल सके। हस्तशिल्प को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।

श्रीमती यदु ने कहा कि ऐसे जागरूकता एवं प्रदर्शन कार्यक्रम ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ लोगों को स्थानीय उत्पादों के प्रति जागरूक करते हैं। उन्होंने कारीगरों से अपने पारंपरिक हुनर को आधुनिक मांग के अनुरूप विकसित करने तथा नई पीढ़ी को भी हस्तकला से जोड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय कला, संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय कारीगरों की पहचान स्थापित होगी।

कार्यक्रम में ग्रामीणों, हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *