Headlines

6 साल बाद फिर SAD-BJP की दोस्ती, पंजाब में क्या बदलेगा सियासी समीकरण?

पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिल रहा है। करीब 6 साल बाद शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी ने अपने पुराने रिश्ते को फिर से जोड़ लिया है। दोनों पार्टियों ने 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का ऐलान किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली में इस गठबंधन की घोषणा की। इस दौरान अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे।

दरअसल, साल 2020 में कृषि कानूनों के विरोध के चलते दोनों पार्टियों का 24 साल पुराना गठबंधन टूट गया था। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों को अलग-अलग मैदान में उतरना पड़ा और इसका असर चुनावी नतीजों पर भी देखने को मिला। 2012 में 68 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाने वाला अकाली दल-बीजेपी गठबंधन 2017 में महज 18 सीटों पर सिमट गया था। वहीं, 2022 में अकाली दल को सिर्फ 3, बीजेपी को 2 और उनकी सहयोगी बीएसपी को एक सीट मिली थी।

अब 2027 के चुनाव को देखते हुए दोनों पार्टियों ने फिर से हाथ मिला लिया है। माना जा रहा है कि इस गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और मुख्यमंत्री पद पर भी उसका दावा हो सकता है। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई विस्तृत फॉर्मूला सामने नहीं आया है।

बीजेपी और अकाली दल को उम्मीद है कि साथ आने से पंजाब में उनका राजनीतिक आधार मजबूत होगा और आम आदमी पार्टी के साथ कांग्रेस को भी कड़ी चुनौती दी जा सकेगी। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या छह साल बाद फिर साथ आई यह पुरानी जोड़ी पंजाब की सत्ता में वापसी कर पाएगी या फिर जनता एक बार फिर कोई नया जनादेश देगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *