|| दीपक देवदास ||
लोहे की पेटी और दीवान में छिपाकर रखे थे 134 पैकेट, पिकअप-मोटरसाइकिल सहित 85.72 लाख की संपत्ति जब्त; ANTF, सनौद पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई

गुरुर। बालोद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक फैले गांजा सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में कुल 138.551 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 69 लाख 27 हजार 550 रुपये बताई गई है। मामले में चार आरोपियों की भूमिका सामने आई है। गांजा तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नकद सहित कुल 85 लाख 72 हजार 550 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक बालोद किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना एवं डीएसपी विनय साहू के मार्गदर्शन में ANTF बालोद, थाना सनौद और साइबर सेल की टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर अरकार में पहली कार्रवाई
पुलिस के अनुसार 21 नवंबर 2026 को सूचना मिली कि ग्राम अरकार निवासी भीषम सतनामी अपने घर में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान भीषम सतनामी (28 वर्ष) के कब्जे से दो पैकेट और पुड़िया में कुल 1.995 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पूछताछ में भीषम ने गांजा ग्राम अरकार निवासी कामता प्रसाद कोसरे से खरीदना बताया। इसके बाद पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क की अगली कड़ी की जांच शुरू की।
कामता प्रसाद से पूछताछ में दो सगे भाइयों का खुलासा
विवेचना के दौरान कामता प्रसाद कोसरे (43 वर्ष) से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक उसने बताया कि ग्राम खप्परवाड़ा निवासी ओमप्रकाश पटेल और कुलेश्वर पटेल पिछले करीब एक वर्ष से उसके गांव में आकर गांजा बेचते थे। वह दोनों भाइयों से गांजा खरीदकर छोटी मात्रा में बिक्री के लिए भीषम सतनामी को उपलब्ध कराता था।
पुलिस ने कामता प्रसाद के कब्जे से गांजा बिक्री की रकम 3 हजार रुपये नकद और सप्लाई के संबंध में बातचीत के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला मोबाइल फोन जब्त किया।
खप्परवाड़ा में बड़ी बरामदगी, घर में छिपे मिले 134 पैकेट
कामता प्रसाद से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ग्राम खप्परवाड़ा पहुंची। वहां घेराबंदी कर ओमप्रकाश पटेल (28 वर्ष) और कुलेश्वर पटेल (24 वर्ष) को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों के द्वारा ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से गांजा खरीदकर छत्तीसगढ़ में स्थानीय स्तर पर खपाने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार दोनों भाई वर्ष 2023 में खेती का काम छोड़कर महिंद्रा पिकअप वाहन खरीदने के बाद वाहन को किराये पर चलाते थे। बाद में फल-सब्जी लाने के लिए ओडिशा जाने लगे। इसी दौरान अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से गांजा तस्करी के अवैध कारोबार में शामिल हो गए।
तलाशी के दौरान उनके घर में लोहे की पेटी और दीवान के अंदर छिपाकर रखे गए 134 पैकेट मिले। इनमें कुल 136.56 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 68 लाख 27 हजार 800 रुपये बताई गई है।
85 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार पूरे मामले में कुल 138.551 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। इसके अलावा महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CQ 1575, अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 BF 9607, कीमत 1 लाख 7 हजार रुपये, चार मोबाइल फोन, कीमत 25 हजार रुपये और 13 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं। इस तरह कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 85 लाख 72 हजार 550 रुपये बताई गई है।
चार आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
इस मामले में भीषम सतनामी पिता शत्रुघन सतनामी, निवासी ग्राम अरकार, कामता प्रसाद कोसरे पिता स्व. बलराम कोसरे, निवासी ग्राम अरकार तथा ओमप्रकाश पटेल और कुलेश्वर पटेल, दोनों पिता पुनाराम पटेल, निवासी ग्राम खप्परवाड़ा को आरोपी बनाया गया है।
थाना सनौद में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर धारा 29 एनडीपीएस एक्ट भी जोड़ी गई है। आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पूरी पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस बड़ी कार्रवाई में थाना सनौद के निरीक्षक एवं थाना प्रभारी सोनसिंग सोरी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उपनिरीक्षक नंद कुमार साहू एवं विश्वजीत मेश्राम, प्रधान आरक्षक हीरदेराम कोलियारा एवं रामप्रसाद भुआर्य, आरक्षक गौकरण यादव, टिकेन्द सोरी, दमन वर्मा, टिकेश साहू, लोकेश सिन्हा, गोविन्द साहू, किरण यदु, पिलेश्वर कंवर एवं महिला आरक्षक टिकेश्वरी साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं साइबर सेल बालोद से प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक भुनेश्वर मरकाम, विवेक शाही एवं रूमलाल चुरेन्द्र तथा आरक्षक आकाश सोनी, भोपसिंह साहू, राहुल मनहरे, संदीप यादव, आकाष दुबे, पुरन देवांगन, मिथलेश यादव, गुलजारी साहू एवं योगेश पटेल ने कार्रवाई में अहम योगदान दिया।
बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है।
