Headlines

गुरुर: नगर पंचायत पलारी को भाजपा ने बनाया, अब विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे : राकेश यादव

||दीपक देवदास- बालोद ||

गुरुर। नगर पंचायत पलारी के निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जनसेवक राकेश यादव ने भाजपा अध्यक्ष लखन लाल गुरुपंच एवं पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क करते हुए कहा कि नगर पंचायत पलारी का गठन भाजपा सरकार की देन है और अब इसके समग्र विकास का संकल्प भी भाजपा ही पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
राकेश यादव ने कहा कि नगर पंचायत पलारी के विकास के लिए करोड़ों रुपये के विभिन्न निर्माण एवं जनसुविधा कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि सरस्वती शिशु मंदिर के विकास हेतु 10 लाख रुपये, शीतला मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए 10 लाख रुपये, मुक्ति धाम निर्माण एवं उन्नयन के लिए 22 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने आगे बताया कि स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए बाजार शेड निर्माण हेतु 20 लाख रुपये तथा अस्पताल परिसर में शेड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा नगर की स्वच्छता एवं आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण तथा 1 करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य प्रस्तावित है।
राकेश यादव ने कहा कि नगर पंचायत को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के उद्देश्य से ई-रिक्शा, लोडर एवं डस्टबिन क्रय करने के लिए 48 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। वहीं युवाओं और नागरिकों की भावनाओं से जुड़े अटल स्मारक निर्माण के लिए भी 20 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का काम करती है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नगर पंचायत पलारी के सर्वांगीण विकास, बेहतर बुनियादी सुविधाओं और सुशासन के लिए भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी एवं सभी पार्षद प्रत्याशियों को विजयी बनाएं, ताकि विकास की गति और तेज हो सके।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी घर-घर पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया तथा भाजपा के पक्ष में समर्थन मांगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *