Headlines

UP चुनाव 2027: BJP ने तेज की तैयारी, आज कोर टीम की बड़ी बैठक

यूपी चुनाव 2027 से पहले BJP की बड़ी बैठक, CM योगी के साथ ये दिग्गज बनाएंगे चुनावी रणनीति

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सत्ता में वापसी की तैयारी में जुटी बीजेपी ने भी अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में आज बीजेपी की कोर कमेटी की अहम बैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी के रोडमैप पर चर्चा होगी।

जानकारी के मुताबिक, बीजेपी कोर कमेटी की यह बैठक आज शाम 5 बजे आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में संगठन को मजबूत करने से लेकर चुनावी मैदान में पार्टी की रणनीति तय करने तक कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

2027 चुनाव के लिए बीजेपी का क्या होगा प्लान?

बीजेपी की इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि बैठक में एसआईआर और एसएसआर के बाद मतदाता सूची में हुए बदलावों की समीक्षा की जा सकती है। इसके साथ ही जिन मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें जोड़ने की रणनीति पर भी विचार होगा।

इसके अलावा जातीय समीकरण, क्षेत्रवार चुनावी रणनीति और सहयोगी दलों के साथ सीटों के तालमेल जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रह सकते हैं।

वोटर लिस्ट पर BJP का खास फोकस

आगामी चुनाव से पहले बीजेपी ने मतदाता सूची को लेकर भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से हर विधानसभा क्षेत्र में ऐसी टीमें बनाई गई हैं, जिन्हें वोटर लिस्ट से छूटे हुए नामों को जुड़वाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्थानीय पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं को इस अभियान में लगाया गया है।

इसके तहत डोर-टू-डोर अभियान चलाकर लोगों को फॉर्म भरने और जरूरी दस्तावेज जमा कराने में मदद की जा रही है।

सपा-कांग्रेस की बैठक के बीच BJP का मंथन

दिलचस्प बात यह है कि एक तरफ सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बैठक होने जा रही है, तो दूसरी तरफ बीजेपी भी अपनी चुनावी रणनीति को धार देने में जुटी है।

ऐसे में सवाल है कि क्या बीजेपी 2027 के लिए कोई बड़ा चुनावी प्लान तैयार कर रही है? क्या योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में पार्टी एक बार फिर सत्ता में वापसी का रास्ता मजबूत कर पाएगी? इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में यूपी की सियासत की दिशा तय कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *