Headlines

दुनिया की ताकत में भारत का जलवा! चीन, रूस और जापान से कैसी टक्कर?

एशिया में भारत की ताकत बढ़ी, चीन के करीब पहुंचा! जापान और रूस को छोड़ा पीछे

एशिया में भारत का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्रीय राजनीति से लेकर कूटनीति और रक्षा सहयोग तक, भारत ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। Lowy Institute की Asia Power Index 2026 की रिपोर्ट में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत 40.5 अंकों के साथ एशिया की तीसरी सबसे शक्तिशाली ताकत बनकर उभरा है। इस सूची में चीन दूसरे और अमेरिका पहले स्थान पर है।

खास बात यह है कि साल 2018 में इस इंडेक्स की शुरुआत के बाद भारत और चीन के बीच ताकत का अंतर अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। हालांकि, चीन की कुल शक्ति अभी भी भारत से करीब 80 फीसदी ज्यादा बताई गई है।

अमेरिका पहले, चीन दूसरे और भारत तीसरे नंबर पर

एशिया पावर इंडेक्स में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले स्थान पर कायम है। चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है। भारत 40.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर है।

भारत के लिए यह प्रदर्शन इसलिए भी अहम है, क्योंकि आर्थिक मोर्चे पर कुछ चुनौतियों के बावजूद उसने अपनी क्षेत्रीय ताकत और प्रभाव को बनाए रखा है।

रुपये की कमजोरी से अर्थव्यवस्था को झटका

रिपोर्ट के मुताबिक, रुपये की कमजोरी का असर भारत की GDP पर पड़ा है। इसके अलावा विदेशों में होने वाले निवेश में भी करीब 20 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई। इसके चलते भारत की Economic Capability का स्कोर घटकर 26.4 अंक रह गया। हालांकि, इसके बावजूद भारत इस श्रेणी में दुनिया में तीसरे स्थान पर बना हुआ है।

दूसरी तरफ, भविष्य के संसाधनों और आर्थिक संभावनाओं के मामले में भारत ने बेहतर प्रदर्शन किया है। बेहतर आर्थिक अनुमानों के चलते इस श्रेणी में भारत का स्कोर बढ़कर 56.2 अंक हो गया।

डिप्लोमेसी में भारत का दबदबा बरकरार

भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका कूटनीतिक प्रभाव बनकर सामने आया है। ऐसे समय में जब कई देशों का प्रभाव कमजोर हुआ, भारत ने अपनी स्थिति काफी हद तक कायम रखी। भारत का Diplomatic Influence स्कोर मामूली गिरावट के साथ 70.3 अंक रहा।

रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व को लेकर विशेषज्ञों की राय में भी सुधार दर्ज किया गया है। इसी के चलते इस मामले में भारत की रैंकिंग में तीन स्थानों का सुधार हुआ। पीएम मोदी को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता माना गया है।

आर्थिक रिश्तों के मामले में भी भारत को फायदा

साल 2026 में भारत ने आर्थिक संबंधों के मोर्चे पर भी अपनी स्थिति मजबूत की है। क्षेत्रीय व्यापार और निवेश से जुड़े रिश्तों में स्थिरता का फायदा भारत को मिला।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत उन पांच देशों में शामिल रहा जिनके आर्थिक संबंधों के स्कोर में कोई गिरावट नहीं आई। इस प्रदर्शन के दम पर भारत इस श्रेणी में दो पायदान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंच गया।

कुल मिलाकर, एशिया पावर इंडेक्स 2026 के आंकड़े बताते हैं कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत का कूटनीतिक और क्षेत्रीय प्रभाव लगातार मजबूत हो रहा है। अब देखना होगा कि आने वाले वर्षों में भारत चीन के साथ ताकत के इस अंतर को कितना कम कर पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *