UP चुनाव 2027: अखिलेश-प्रियंका के बीच सीटों पर महामंथन, कांग्रेस की 181 सीटों वाली लिस्ट पर क्या होगा फैसला?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों दलों के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर अब बातचीत का दौर शुरू होने जा रहा है। सोमवार को दिल्ली में दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक होने वाली है। इस बैठक में तय किया जाएगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
जानकारी के मुताबिक, यह बैठक कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर आयोजित होगी। सीट शेयरिंग पर बातचीत के लिए दोनों दलों ने अपनी-अपनी समन्वय समितियां बनाई हैं। बातचीत का पहला दौर दो दिनों तक चलने की संभावना है।
सीट बंटवारे के लिए दोनों पार्टियों ने बनाई टीम
समाजवादी पार्टी की ओर से गठित समन्वय समिति में सांसद राम गोपाल यादव, घोसी सांसद राजीव राय, कैराना सांसद इकरा हसन और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल को शामिल किया गया है।
वहीं कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और इमरान मसूद इस बातचीत में शामिल होंगे।
इससे पहले सीट शेयरिंग के लिए ‘फाइव प्लस टू’ फॉर्मूले की चर्चा हुई थी। इसमें पांच वरिष्ठ नेताओं के साथ दो डेटा विशेषज्ञों को शामिल करने की बात कही गई थी।
कांग्रेस की 181 सीटों वाली लिस्ट पर नजर
इस बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा कांग्रेस की सीटों की मांग को लेकर हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने पहले 181 विधानसभा सीटों की एक सूची तैयार कर समाजवादी पार्टी को सौंपी थी। हालांकि, अब पार्टी ने नई सूची तैयार की है और इसी के आधार पर सीटों के बंटवारे पर बातचीत होने की संभावना है।
दूसरी तरफ सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि सीटों का बंटवारा जीतने की संभावना के आधार पर होगा। यानी दोनों दलों के बीच सीटों का फैसला उम्मीदवारों की जीत की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जा सकता है।
दिसंबर में गठबंधन पर लग सकती है अंतिम मुहर
दरअसल, दोनों दलों के बीच 17 नवंबर को सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत शुरू होनी थी, लेकिन समन्वय समिति के गठन में देरी के चलते बैठक टाल दी गई थी। अब दोनों पार्टियों ने अपनी टीमें तैयार कर ली हैं और बातचीत आगे बढ़ने जा रही है।
कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी को इस प्रक्रिया में अहम जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि दिसंबर के मध्य तक दोनों दल सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला ले सकते हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि कांग्रेस की नई सूची पर अखिलेश यादव क्या रुख अपनाते हैं? क्या सपा-कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा आसानी से हो जाएगा या कुछ सीटों पर पेंच फंस सकता है? यूपी की सियासत में इस बैठक पर सभी की नजरें टिकी हैं।
