
राजनांदगांव। ग्राम सिंघोला में संकुल स्तरीय खेल महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में विभिन्न विद्यालयों के प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा पप्पू चंद्राकर शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य एवं सभापति श्रीमती खुशबू राकेश साहू, ग्राम सरपंच मुकेश साहू, रमेश चंद्राकर जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक प्रेम चंद्राकर सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा पप्पू चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। शिक्षा के साथ खेलकूद भी आवश्यक है। ग्रामीण अंचलों में इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे उचित अवसर और प्रोत्साहन देकर निखारा जा सकता है। खेल में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण भागीदारी, मेहनत और खेल भावना है। उन्होंने सभी बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने और अपने विद्यालय एवं गांव का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं संकुल समन्वयक द्वारा अतिथियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षकों एवं संकुल समन्वयक द्वारा खेल महोत्सव के सफल आयोजन और बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की। आयोजन ने विद्यार्थियों को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख दी।
