रूपेंद्र साहू
राजनांदगांव। जिला साहू संघ राजनांदगांव के तत्वावधान में 22 नवंबर 2026, रविवार को छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं सामाजिक दर्पण पत्रिका विमोचन समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम जिला अस्पताल के समीप स्थित साहू सदन, राजनांदगांव में आयोजित होगा। सम्मेलन में प्रदेशभर से समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्वजातीय बंधु शामिल होंगे।
जिला साहू संघ के अध्यक्ष नोबल साहू ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे मां कर्मा की पूजा-अर्चना एवं ध्वजारोहण के साथ होगा। इसके पश्चात युवक-युवती परिचय सम्मेलन प्रारंभ किया जाएगा। दोपहर 1:30 बजे अतिथियों का स्वागत, उद्बोधन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी अवसर पर सामाजिक दर्पण पत्रिका का विमोचन भी किया जाएगा।
समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू मुख्य अतिथि होंगे तथा प्रदेश साहू संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
प्रमुख अतिथियों में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, राजनांदगांव महापौर मधुसूदन यादव, डोंगरगांव के पूर्व विधायक खेदूराम साहू, खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू, खुज्जी की पूर्व विधायक छन्नी साहू, छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, जिला पंचायत राजनांदगांव की उपाध्यक्ष किरण साहू, छत्तीसगढ़ साहू संघ युवक प्रकोष्ठ के संयोजक शशिकांत साहू, महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका दिव्या कलिहारी, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, राजगामी संपदा की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, जिला साहू संघ खैरागढ़ के अध्यक्ष टिलेश्वर साहू एवं जिला साहू संघ मोहला-मानपुर के अध्यक्ष मदन साहू शामिल होंगे।
अध्यक्ष नोबल साहू ने बताया कि युवक-युवती परिचय सम्मेलन समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक-दूसरे से परिचित होने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा। साथ ही सामाजिक दर्पण पत्रिका समाज की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं सामाजिक विचारों को साझा करने का माध्यम बनेगी। उन्होंने समाज के सभी स्वजातीय बंधुओं, सामाजिक पदाधिकारियों, युवक-युवतियों एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
