राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट, बिलासपुर ने राजनांदगांव जिले के ग्राम चिखली निवासी याचिकाकर्ता श्रीमती कलावती के भूमि सीमांकन और नक्शा बंटाकन से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकल पीठ ने 25 नवंबर 2026 को पारित आदेश में राजनांदगांव कलेक्टर को निर्देश दिया है कि वे याचिकाकर्ता के लंबित आवेदन पर कानून के अनुसार, आदेश की प्रति मिलने की तिथि से 20 दिन के भीतर विचार कर निर्णय लें।
क्या है पूरा मामला?
अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार, याचिकाकर्ता श्रीमती कलावती (पति श्यामलाल मंडावी, उम्र लगभग 42 वर्ष, निवासी ग्राम चिखली, पटवारी हल्का नंबर 39, तहसील व जिला राजनांदगांव) की 0.0120 हेक्टेयर भूमि खसरा नंबर 4/44 पर स्थित है। याचिकाकर्ता ने भूमि के नक्शा बंटाकन और सीमांकन के लिए सबसे पहले 12 अप्रैल 2023 को तहसीलदार, राजनांदगांव के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था।
इस आवेदन पर राजस्व निरीक्षक/पटवारी को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नक्शा बंटाकन पूरा कराए बिना ही तहसीलदार ने राजस्व प्रकरण क्रमांक 202304090800168 में 30 मई 2023 को आदेश पारित कर कार्यवाही समाप्त कर दी थी। इसके बाद भी वास्तविक नक्शा बंटाकन नहीं हो सका।
बार-बार प्रयास के बाद पहुंचीं हाईकोर्ट
याचिकाकर्ता ने आदेश के पालन और नक्शा बंटाकन की मांग को लेकर 7 अप्रैल 2026 को तहसीलदार को आवेदन दिया, 22 सितंबर 2026 को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई और 7 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर राजनांदगांव के समक्ष अभ्यावेदन प्रस्तुत किया। प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कार्यवाही न होने के कारण याचिकाकर्ता ने अधिवक्ता गौतमी रामटेके, लवकुमार रामटेके के माध्यम से हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की।
शासन का पक्ष और कोर्ट की टिप्पणी सुनवाई के दौरान शासन की ओर से पैरवी करते हुए अधिवक्ता ने बताया कि राजस्व अधिकारियों की हड़ताल के चलते लंबित आवेदन पर निर्णय नहीं हो सका है, तथा आश्वासन दिया गया कि 15 दिन के भीतर आवेदन पर विचार कर फैसला लिया जाएगा।
दोनों पक्षों के तर्क सुनने के बाद हाईकोर्ट ने कलेक्टर राजनांदगांव को 20 दिन के भीतर आवेदन पर निर्णय लेने का निर्देश देते हुए याचिका का निराकरण कर दिया। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि उसने याचिकाकर्ता के दावे के गुण-दोष पर कोई राय व्यक्त नहीं की है और सक्षम प्राधिकारी कानून के अनुसार स्वतंत्र रूप से निर्णय लेंगे और संबंधित भूमि: खसरा नंबर 4/44, रकबा 0.0120 हेक्टेयर, ग्राम चिखली, पटवारी हल्का नंबर 39, तहसील व जिला राजनांदगांव
मुख्य निर्देश: कलेक्टर राजनांदगांव को आदेश की प्रति प्राप्त होने से 20 दिन के भीतर सीमांकन व बंटाकन आवेदन पर कानून के अनुरूप निर्णय लेने का निर्देश दिये.
*चिखली की जमीन के नक्शा बंटाकन मामले में हाईकोर्ट का निर्देश: कलेक्टर को 20 दिन में फैसला करने का आदेश*
