
छुरिया। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड छुरिया के ग्राम महाराजपुर में विकास कार्यों को नई गति देते हुए शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन, नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण एवं स्ट्रीट लाइट का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खुज्जी विधायक भोलाराम साहू शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया तथा नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर ग्रामवासियों को समर्पित किया। साथ ही स्ट्रीट लाइट का शुभारंभ भी किया।
इस अवसर पर विधायक भोलाराम साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास और गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और आम नागरिक तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि शेड निर्माण से ग्रामीणों को विभिन्न सार्वजनिक एवं सामाजिक आयोजनों में सुविधा मिलेगी। वहीं सामुदायिक भवन गांव के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा। स्ट्रीट लाइट की सुविधा से गांव में रात्रिकालीन आवागमन भी सुगम होगा और ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। गांवों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य चुम्मन साहू, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजकुमार सिन्हा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुमरदा अध्यक्ष प्रताप धावड़े, सरपंच क्षमा तिवारी, उमेद सिंह कंवर, उपसरपंच सकिला कंवर, पंच क्षणीन्द्र सिंह कंवर, दीपेंद्र साहू, सुभाष कंवर, विदेशी राम कंवर, सरपंच प्रतिनिधि रमेश तिवारी, पंच उर्वसी साहू सहित अन्य पंचगण, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ग्रामवासियों ने गांव में शेड, सामुदायिक भवन एवं स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
