टीम आयुष्मान फाउंडेशन द्वारा शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का हुआ शुभारम्भ
टीम आयुष्मान फाउंडेशन के शिक्षक सम्मान अभियान का मऊ से शुभारंभ, 15 सितंबर तक 11 जनपदों में होगा आयोजन
मऊ। शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत शिक्षकों के अतुलनीय योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से टीम आयुष्मान फाउंडेशन द्वारा मिशन शिक्षक संवाद के तहत शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का शुभारंभ मऊ जनपद से किया गया। यह अभियान आगामी 15 सितंबर तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अनवरत चलाया जाएगा।
इस अभियान के माध्यम से गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, मऊ, आजमगढ़, बलिया, वाराणसी, बस्ती, अयोध्या एवं लखनऊ जनपदों में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे शिक्षकों को उनके सामाजिक एवं राष्ट्रीय योगदान के लिए सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए टीम आयुष्मान फाउंडेशन के फाउंडर अमरनाथ द्विवेदी ने कहा कि, “शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पढ़ाने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। एक शिक्षक के ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन का प्रभाव कई पीढ़ियों तक दिखाई देता है। इसलिए शिक्षा के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे शिक्षकों का सम्मान करना वास्तव में समाज और राष्ट्र के भविष्य का सम्मान है।”
उन्होंने कहा कि मिशन शिक्षक संवाद का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना, उनके अनुभवों एवं उपलब्धियों को समाज के सामने लाना तथा शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना है।
अमरनाथ द्विवेदी ने आगे कहा कि टीम आयुष्मान फाउंडेशन आने वाले समय में शिक्षकों, विद्यार्थियों और समाज के बीच संवाद को और मजबूत करने के लिए विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी प्रतियोगिता का परिणाम नहीं, बल्कि उन शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान की अभिव्यक्ति है, जो निरंतर समाज की नई पीढ़ी को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
फाउंडेशन के अनुसार, अभियान के दौरान चयनित शिक्षकों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा तथा उनके शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान को रेखांकित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज में शिक्षक के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
1 सितंबर से 15 सितंबर तक चलने वाला यह अभियान उत्तर प्रदेश के 11 जनपदों में शिक्षकों तक पहुंचेगा। टीम आयुष्मान फाउंडेशन ने इसे शिक्षक सम्मान एवं संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए अधिक से अधिक शिक्षकों को इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है।

