Headlines

पंजाब में AAP को बड़ा झटका! विधायकों के इस्तीफे मंजूर, BJP में हुए शामिल

पंजाब चुनाव से पहले AAP को बड़ा झटका, तीन विधायकों ने छोड़ी पार्टी, बीजेपी में शामिल होकर भगवंत मान पर साधा निशाना

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के तीन विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा, चेतन सिंह जौरमाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह बीजेपी में शामिल हो गए हैं। इस घटनाक्रम के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

वहीं, अमृतसर नॉर्थ से विधायक रहे कुंवर विजय प्रताप सिंह और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा का विधानसभा सदस्यता से दिया गया इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान ने स्वीकार कर लिया है।

आम आदमी पार्टी से निलंबित पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर अपने इस्तीफे की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि एक नवंबर 2026 से उन्होंने पंजाब विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी है। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा को पत्र लिखकर पार्टी के सभी पदों और जिम्मेदारियों से भी इस्तीफा देने की जानकारी दी।

बीजेपी में शामिल होकर भगवंत मान पर साधा निशाना

बीजेपी में शामिल होने के बाद कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सवाल उठाया कि पंजाब में असल में मुख्यमंत्री कौन है—भगवंत मान या अरविंद केजरीवाल?

उन्होंने स्वाति मालीवाल से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए भी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। विजय प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति पर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर टिप्पणी की थी, उसे पंजाब में संरक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि अगर कहीं संविधान खतरे में है तो वह पंजाब में है। पंजाब को बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा।

चुनाव से पहले AAP की बढ़ी मुश्किलें

तीन विधायकों के पार्टी छोड़ने और बीजेपी में शामिल होने से पंजाब में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। विधानसभा चुनाव से पहले इस घटनाक्रम को आम आदमी पार्टी के लिए चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि पार्टी इस राजनीतिक झटके का जवाब किस तरह देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *