लखनऊ में जमीन खरीदने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है. LDA की बहुप्रतीक्षित वरुण विहार योजना का 14 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुभारंभ करेंगे. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित होने वाली इस महत्वाकांक्षी टाउनशिप के पहले चरण में करीब 3600 आवासीय प्लॉटों को शामिल करने की तैयारी है.
3600 प्लॉट की लॉटरी पर नजर
वरुण विहार योजना के पहले फेज में अलग-अलग आकार और श्रेणी के करीब 3600 आवासीय भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे. इन प्लॉटों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किए जाने की तैयारी है. योजना के लॉन्च के बाद आवेदन और आवंटन से जुड़ी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा.
2500 से 2800 रुपये तक हो सकता है रेट
प्लॉटों की कीमत करीब 2500 से 2800 रुपये प्रति वर्गफीट रहने की संभावना है. हालांकि अंतिम कीमत LDA की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी. इसके अलावा फ्रीहोल्ड, विकास और अन्य निर्धारित शुल्क भी खरीदारों को देना पड़ सकता है.
6580 एकड़ में विकसित होगी टाउनशिप
वरुण विहार योजना को करीब 6580 एकड़ में विकसित करने की तैयारी है. LDA इसे लखनऊ की प्रमुख टाउनशिप के रूप में विकसित कर रहा है. पूरी योजना के आकार लेने के बाद करीब साढ़े तीन लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिलने का अनुमान है.
पहले चरण में 1000 करोड़ का विकास कार्य
योजना के शुरुआती चरण में सड़क, नाली, सीवर, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर करीब 1000 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की तैयारी है. इसके साथ ही आवासीय क्षेत्र के अलावा व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
एक्सप्रेसवे किनारे लोकेशन सबसे खास
वरुण विहार योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी लोकेशन है. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे होने की वजह से यहां बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है. आने वाले समय में इस इलाके में तेजी से शहरी विकास होने की संभावना जताई जा रही है. योजना के मुख्य प्रवेश द्वार पर वरुण भगवान की प्रतिमा भी स्थापित की जा रही है.
2027 से पहले बड़ा शहरी प्रोजेक्ट
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले वरुण विहार योजना का शुभारंभ सरकार के बड़े शहरी विकास प्रोजेक्ट के तौर पर देखा जा रहा है. 14 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों योजना के लॉन्च के बाद प्लॉटों की लॉटरी और आवंटन की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है. अब सबसे ज्यादा नजर इस बात पर है कि 3600 प्लॉटों के लिए आवेदन कब शुरू होते हैं और लॉटरी की तारीख क्या तय की जाती है.

