असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है. इन तीनों जगहों की कुल 296 सीटों पर आज (9 अप्रैल 2026) एक ही चरण में मतदान हो रहा है. इसके साथ ही उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी. चुनाव आयोग के अनुसार, असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर वोटिंग हो रही है. असम में 9 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए 1.5 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है, जिसमें 126 सदस्यीय विधानसभा में प्रवेश की उम्मीद रखने वाले 722 उम्मीदवारों का भविष्य तय होगा. अधिकारियों ने बताया कि एक ही चरण में होने वाले इस मतदान के लिए 35 जिलों में 31,940 मतदान केंद्र बनाये गए हैं.
संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है. कुल मतदान केंद्रों में से 126 (प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के लिए एक) को आदर्श मतदान केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है. 4,021 बूथ का संचालन पूरी तरह से महिला कर्मियों द्वारा किया जाएगा, जिनमें कछार जिले में सबसे अधिक 398 बूथ हैं.असम सरकार ने गुरुवार को सभी सरकारी और निजी कार्यालयों, साथ ही शहरी स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यापारिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल गोयल ने कहा कि सभी केंद्रों पर वेबकास्टिंग की सुविधा शुरू कर दी गई है ताकि जिला निर्वाचन अधिकारियों, मुख्य निर्वाचन अधिकारी और भारतीय निर्वाचन आयोग के कार्यालयों से मतदान प्रक्रिया की वास्तविक समय में निगरानी की जा सके.सभी मतदान केंद्रों पर पीने का पानी, प्रतीक्षा क्षेत्र, शौचालय और दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर सहित बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं.कुल 2.50 करोड़ मतदाता मतदान करने के लिए पात्र हैं. ये मतदाता चुनाव में मैदान में उतरे 722 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे. केरल में 140 सीटों के लिए 833 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. यहां मुख्य राजनीतिक दलों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है. सरकार बनाने के लिए 71 सीटों का बहुमत जरूरी है. राज्य में कुल 2.71 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल हैं.पुडुचेरी में 30 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, जिनमें से 5 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं. यहां सरकार बनाने के लिए 16 सीटों का बहुमत जरूरी है.
असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू

