भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बातचीत तेज, द्विपक्षीय ट्रेड डील को आगे बढ़ाने पर जोर

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत तेज हो गई है। अमेरिका ने कहा है कि इस महीने के अंत में भारतीय प्रतिनिधिमंडल वॉशिंगटन पहुंचेगा, जहां दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर आगे चर्चा होगी। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्गेई गोर ने यह जानकारी अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर से मुलाकात के बाद दी। उन्होंने कहा कि दोनों देश पहले ही फरवरी में एक अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमत हो चुके हैं और अब उसे आगे बढ़ाने के लिए बातचीत होगी। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब भारत और अमेरिका ने आपसी व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। हाल ही में विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने वॉशिंगटन में भारत-अमेरिका व्यापार सुविधा पोर्टल की शुरुआत की थी। फरवरी में तय ढांचे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार को आसान बनाना, बाजार तक पहुंच बढ़ाना और आपूर्ति शृंखला को मजबूत करना है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में गैर-शुल्क बाधाओं को कम करने और आपसी सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।सर्गेई गोर ने इस दौरान अमेरिका के कई वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की। उन्होंने वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट, उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडाउ और अन्य अधिकारियों के साथ ऊर्जा, तकनीक, बुनियादी ढांचे और महत्वपूर्ण खनिज जैसे मुद्दों पर चर्चा की। इससे पहले गोर ने अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा से भी मुलाकात की थी, जिसमें दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *