गुरुर, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध लकड़ी तस्करी पर कसा शिकंजा, 2 दिनों में 4 ट्रैक्टर-ट्रालियां जब्त

संवददाता- दीपक देवदास , बालोद

जिले में अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। वनमंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले दो दिनों में विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ियों से भरी कुल 4 ट्रैक्टर-ट्रालियों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है।
वन परिक्षेत्र गुरूर अंतर्गत सोनइडोंगरी से टेंगना बरपारा मार्ग पर गुरुवार को एक महिंद्रा सोल्ड 575 ट्रैक्टर को अवैध काष्ठ परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन में बिना अनुमति लकड़ी ले जाई जा रही थी। इस मामले में करहीभदर निवासी बादल डांडिया के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 77/8 दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान परिसर रक्षक चूल्हापथरा, नाहंदा एवं सुरक्षा श्रमिक उपस्थित रहे।
दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी जब्ती
9 अप्रैल को भी वन विभाग ने दो स्थानों पर छापेमारी कर अवैध लकड़ी परिवहन का भंडाफोड़ किया। पहली कार्रवाई जगन्नाथपुर सांकरा में की गई, जहां एक ट्रैक्टर-ट्राली से 34 नग गोल लकड़ियां बरामद की गईं। इनमें कहुआ, साजा सहित अन्य प्रतिबंधित प्रजातियों की लकड़ियां शामिल थीं।
दूसरी कार्रवाई बालोद शहर के गंजपारा क्षेत्र में धर्मकांटा महिंद्रा शोरूम के पास की गई, जहां ट्रैक्टर-ट्राली क्रमांक CG 24 Y 3594 को रोककर तलाशी ली गई। इसमें करही एवं बबूल प्रजाति की अवैध लकड़ियां परिवहन करते पाए जाने पर मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
इसके अलावा 7 अप्रैल को भी विभाग द्वारा एक अन्य ट्रैक्टर-ट्राली में बल्ली एवं जलाऊ लकड़ी के अवैध परिवहन को पकड़ते हुए जब्ती की कार्रवाई की गई थी।
लगातार अभियान से तस्करों में हड़कंप
वन विभाग की लगातार सख्ती और ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध लकड़ी तस्करी में संलिप्त लोगों में डर का माहौल है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की अवैध कटाई और परिवहन को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *