पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर द्वारा महिला थाना का किया गया औचक निरीक्षण

कमलेश पाल || संवाददाता|| मऊ 

पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर द्वारा आज महिला थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालय व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
साथ ही जनपद में प्रशिक्षण पूर्ण कर आगमन करने वाली नई महिला रिक्रूट आरक्षियों के लिए महिला थाना परिसर में समुचित आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।व्यवस्था के अंतर्गत महिला रिक्रूट आरक्षियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ आवास, पेयजल, शौचालय, विद्युत, तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से उचित प्रबंध भी सुनिश्चित किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी महिला रिक्रूट्स की मूलभूत आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
उन्होंने कहा कि महिला रिक्रूट आरक्षियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस विभाग की प्राथमिकता है, जिससे वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं मनोयोग से कर सकें।
निरीक्षण के समय थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक महोदय ने महिला संबंधित प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए।महोदय द्वारा महिला शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष बल दिया। साथ ही अभिलेखों को अद्यतन रखने एवं थाना परिसर में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि महिला थाना में आने वाली प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए, जिससे पीड़ितों को न्याय मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *