Headlines

राजभर का अखिलेश से सवाल, छिड़ी सियासी बहस

उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर जातिगत राजनीति को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है।

राजभर ने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अखिलेश यादव पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि अगर धर्मेंद्र प्रधान कुर्मी नहीं बल्कि यादव समाज से आते तो क्या अखिलेश यादव इसी तरह उनका इस्तीफा मांगते?

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मित्र अखिलेश यादव जी, आपसे एक सवाल है। अगर पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र जी की जाति कुर्मी की जगह यादव होती, तो आपका रुख क्या होता? क्या आप इस्तीफा मांगते या उनका बचाव करते?”

दरअसल, नीट पेपर लीक मामले को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर रही है। अखिलेश यादव ने संसद से लेकर सड़क तक छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया था और तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई थी।

सपा सांसद डिंपल यादव समेत कई विपक्षी नेता भी छात्रों के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचे थे। विपक्ष के लगातार दबाव के बीच यह मुद्दा संसद में भी जोर-शोर से उठा।

हालांकि बीजेपी नेताओं ने धर्मेंद्र प्रधान का बचाव किया और उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज किया। अब इसी मुद्दे को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर जाति की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए सवाल खड़े किए हैं।

यूपी की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *