Headlines

यूपी चुनावी रण में आकाश आनंद की एंट्री, मायावती ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

यूपी चुनाव 2027: आकाश आनंद संभालेंगे बसपा की कमान, हाथरस से शुरू होगा अभियान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने चुनावी रणनीति की जिम्मेदारी अपने भतीजे और बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को सौंपी है। आकाश आनंद जल्द ही यूपी में चुनावी अभियान का आगाज करने जा रहे हैं। इसकी शुरुआत हाथरस की सादाबाद विधानसभा सीट से होगी।

जानकारी के मुताबिक, आकाश आनंद 10 अगस्त को हाथरस के सादाबाद में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली के लिए पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कार्यक्रम के दौरान बसपा सादाबाद सीट से अपने उम्मीदवार अविन शर्मा के नाम का ऐलान कर सकती है।

इसके बाद आकाश आनंद प्रदेश के अलग-अलग जिलों में चुनावी कार्यक्रम करेंगे। बताया जा रहा है कि वह हाथरस के बाद जेवर समेत कई विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। बसपा इन जनसभाओं के जरिए अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान भी करेगी।

मायावती की निगरानी में बसपा ने यूपी चुनाव की रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। पार्टी मंडल स्तर पर बैठकें कर रही है और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। बसपा अब तक कई सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर चुकी है, जिनमें सहारनपुर, पुरकाजी, सुल्तानपुर, कानपुर देहात, मऊ, गोहना और हापुड़ जैसी सीटें शामिल हैं।

आकाश आनंद को चुनावी मैदान में सक्रिय करने के पीछे बसपा की रणनीति युवाओं को जोड़ने की है। पार्टी को उम्मीद है कि आकाश आनंद के जरिए युवा वोटरों में पकड़ मजबूत होगी और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी। अब देखना होगा कि आकाश आनंद की अगुवाई में बसपा 2027 के चुनावी मैदान में कितना असर दिखा पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *