उत्तर प्रदेश में मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज यानी 29 जुलाई को भी राज्य के 54 जिलों में बारिश, तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। वहीं 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
पिछले 24 घंटों में यूपी के कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में आज गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है।
वहीं पूर्वांचल के जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। हालांकि यहां किसी बड़े अलर्ट की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
31 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में 31 जुलाई तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसके बाद 1 अगस्त से एक बार फिर मौसम सक्रिय होगा और 2 व 3 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। दोपहर के समय कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। नोएडा में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं आगरा और मेरठ में भी बादलों की आवाजाही बनी हुई है। राजधानी लखनऊ में सुबह आंशिक बादल छाए रहे और दोपहर के आसपास हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, झांसी, महोबा, ललितपुर और सोनभद्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बदायूं, कासगंज, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया और जालौन में गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट है।
वहीं वाराणसी, प्रयागराज, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, कानपुर, कन्नौज, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, मिर्जापुर और चंदौली में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। जबकि बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, हरदोई, फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर और देवरिया में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं।

