अयोध्या राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि आस्था के नाम पर जनता के साथ विश्वासघात हुआ है और इस मुद्दे को संसद में उठाना जरूरी है।अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी और उसके सहयोगियों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के चढ़ावे और दान में गड़बड़ी हुई है।
सपा प्रमुख ने कहा कि दान पेटी से लेकर गुप्त दान तक में अनियमितताओं के आरोप हैं। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट की व्यवस्था, जमीन खरीद और जांच प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए।अखिलेश यादव ने कहा कि अगर लोकधन के इस्तेमाल में कोई गड़बड़ी हुई है तो उसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले को संसद तक पहुंचाना उनका कर्तव्य है।इससे पहले समाजवादी पार्टी के सांसदों ने संसद परिसर में चंदा पेटी लेकर प्रदर्शन किया था। सपा सांसदों ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए नारेबाजी की और मामले की जांच की मांग की।वहीं बीजेपी की ओर से इन आरोपों पर अभी प्रतिक्रिया का इंतजार है। राम मंदिर चंदा और ट्रस्ट से जुड़े मुद्दे पर सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।

