चंबा पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू, आपदा प्रभावित इलाकों का लिया जायजा
चंबा। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को चंबा जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर भारी बारिश और भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया, लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री सबसे पहले शीतला पुल और सुल्तानपुर के राणा मोहल्ला क्षेत्र पहुंचे, जहां मानसून के दौरान भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया और अधिकारियों को आवश्यक सुविधाओं की शीघ्र बहाली, क्षतिग्रस्त सड़कों तथा अन्य बुनियादी ढांचे की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत करने के निर्देश दिए।
सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि पिछले वर्ष के मानसून में भी चंबा जिले को भारी नुकसान हुआ था और इस बार भी हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने और बुनियादी ढांचे की बहाली में किसी भी तरह की देरी न करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का किया निरीक्षण
आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के बाद मुख्यमंत्री ने सुल्तानपुर में निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। उनके अनुसार, हेलीपोर्ट के तैयार होने से चंबा जिले की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पर्यटन क्षेत्र को नया प्रोत्साहन मिलेगा।
साल के अंत तक हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की कोशिश
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष के अंत तक या अगले वर्ष की शुरुआत में चंबा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे जिले की हवाई संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और विकास परियोजनाओं को भी गति मिलेगी।

