Headlines

बंद स्कूलों पर सपा का बड़ा प्लान, शिक्षक दिवस पर चलेगा खास अभियान

समाजवादी पार्टी ने शिक्षक दिवस को लेकर उत्तर प्रदेश में एक खास अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। सपा की छात्र इकाई यानी समाजवादी छात्र सभा प्रदेश में बंद हो चुके स्कूलों के बाहर शिक्षकों का सम्मान करेगी। इस अभियान को ‘पाठशाला पुकारे’ नाम दिया गया है।

सपा छात्र सभा का यह अभियान 5 सितंबर से 11 सितंबर तक चलेगा। पार्टी का कहना है कि इस दौरान छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद किया जाएगा और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

अभियान के तहत 7 सितंबर को PDA वृक्षारोपण और पर्चा वितरण किया जाएगा। इसके बाद 8 सितंबर को विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शिविर लगाकर छात्रों से संपर्क किया जाएगा।

वहीं 9 सितंबर को छात्रों से सुझाव लिए जाएंगे और उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। इस दौरान छात्रों से संकल्प पत्र भी भरवाए जाएंगे।

10 सितंबर को छात्र-छात्राओं और युवाओं की राजनीति में भूमिका को लेकर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। जबकि 11 सितंबर को मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान करते हुए अभियान का समापन किया जाएगा।

सपा के इस अभियान में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दों को शामिल किया गया है। पार्टी पेपर लीक, फीस बढ़ोतरी, रोजगार और आरक्षण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

इसके अलावा समान कोर्स, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में नियुक्तियों में कथित भ्रष्टाचार, आरक्षण में पारदर्शिता, मुफ्त पढ़ाई, रोस्टर प्रणाली, छात्रों को डिजिटल डिवाइस उपलब्ध कराने, पुस्तकालयों की व्यवस्था और नए विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के निर्माण जैसे मुद्दे भी अभियान का हिस्सा होंगे।

यानी शिक्षक दिवस के मौके पर शुरू होने वाला सपा का यह अभियान सिर्फ शिक्षकों के सम्मान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा, रोजगार, फीस और छात्रों से जुड़े कई बड़े मुद्दों को राजनीतिक बहस के केंद्र में लाने की कोशिश करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *