वाराणसी के चर्चित श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। करीब 20 दिनों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी विवेक चौबे को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दरअसल, राजातालाब की रहने वाली 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय 18 अगस्त को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। दो दिन बाद, 20 अगस्त को उसका शव रोहनिया क्षेत्र के एक मकान के बाथरूम से बरामद हुआ था। शव पर गला काटने, सिर पर चोट और पैर बांधे जाने के निशान मिले थे।
श्रेया अपने परिवार की इकलौती बेटी थी और जनवरी में उसकी शादी होने वाली थी। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान सामने आया कि मुख्य आरोपी विवेक चौबे श्रेया को पहले से जानता था और उसकी शादी कहीं और तय होने से नाराज था।
आरोप है कि विवेक ने श्रेया को बहाने से बुलाया और फिर उसकी हत्या कर दी। इस वारदात में उसके साथी पुनीत मिश्रा ने भी उसका साथ दिया था। पुनीत को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर चुकी है।
अब पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक चौबे को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि श्रेया की शादी दूसरी जगह तय होने से वह नाराज था और इसी वजह से उसने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
करीब 20 दिनों तक फरार रहने के बाद विवेक की गिरफ्तारी से पुलिस ने इस चर्चित हत्याकांड की जांच में अहम कड़ी जोड़ ली है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।

