मध्य प्रदेश में बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवार हरदीप सिंह पुरी के नामांकन को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। कांग्रेस ने उनके नामांकन पत्र में कई गंभीर खामियां होने का आरोप लगाया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने रिटर्निंग ऑफिसर के सामने नामांकन को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई हैं।
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि हरदीप सिंह पुरी के हलफनामे में पत्नी के नाम और संपत्ति का पूरा विवरण नहीं दिया गया है। इसके अलावा, जिनेवा स्थित अपार्टमेंट और विदेशी बैंक खातों में मौजूद संपत्ति के विवरण और मूल्यांकन पर भी सवाल उठाए गए हैं।
कांग्रेस ने नामांकन के शपथ पत्र की नोटरी प्रक्रिया की वैधानिकता पर भी सवाल खड़े किए हैं।
जीतू पटवारी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए पूछा कि पारदर्शिता और नैतिकता की बात करने वाली पार्टी अपने उम्मीदवार के हलफनामे में सामने आई इन कथित विसंगतियों पर जवाब क्यों नहीं दे रही है? उन्होंने चुनाव आयोग से सभी आपत्तियों की निष्पक्ष और गंभीर जांच कराने की मांग की है।
बता दें कि बीजेपी ने 28 अक्टूबर को हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया था। इसके बाद 31 अक्टूबर को उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। मध्य प्रदेश में 12 नवंबर को राज्यसभा चुनाव होना है। केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद राज्यसभा की यह सीट खाली हुई थी।
अब सवाल यह है कि कांग्रेस की ओर से दर्ज कराई गई इन आपत्तियों पर चुनाव आयोग क्या फैसला लेता है और बीजेपी इन आरोपों पर क्या जवाब देती है?
