Headlines

आतंकी लतीफ भट के एनकाउंटर पर CRPF DG का बड़ा बयान, कही ये बात

कुलगाम में लश्कर आतंकी लतीफ भट ढेर, CRPF DG ने जवानों को दी बधाई, पुलिस ने कहा- भाग सकते हो, छिप नहीं सकते

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मुठभेड़ में मार गिराया। बताया जा रहा है कि आतंकी एक मस्जिद में छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे बाहर आने और आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसे मस्जिद से बाहर निकलने पर मजबूर किया और ढेर कर दिया।

इस ऑपरेशन के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक खास संदेश साझा किया। पुलिस ने लिखा, ”तुम भाग तो सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते।” वहीं, इस सफलता पर सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने भी सुरक्षाबलों को बधाई दी।

उन्होंने एक्स पर लिखा, ”Congratulations guys. Some dishes are best served cold, even in cold weather.” यानी कुछ जवाब सही वक्त पर दिए जाएं तो उनका असर ज्यादा होता है। उनके इस संदेश को आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है।

आतंकी हमले के बाद CRPF DG ने किया था कश्मीर का दौरा

दरअसल, 14 नवंबर को सीआरपीएफ के डीजी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कश्मीर का दौरा किया था। उस समय लश्कर आतंकी मोहम्मद लतीफ भट की तलाश जारी थी। उन्होंने कुलगाम जिले के अखरान इलाके का भी दौरा किया था, जहां आतंकियों के हमले में सुरक्षाबलों के तीन जवान घायल हुए थे।

भारतीय सेना के मुताबिक, कुलगाम के जंगलपुरा इलाके में जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली सटीक जानकारी के आधार पर सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान शुरू किया था। इसी दौरान एक आतंकी मस्जिद में जाकर छिप गया।

सुरक्षाबलों ने धार्मिक स्थल की पवित्रता का ध्यान रखते हुए बेहद संयम के साथ कार्रवाई की। पहले उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन जब वह बाहर नहीं आया तो उसे मस्जिद परिसर से बाहर निकाला गया और मार गिराया गया। सेना के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई जारी थी।

कौन था आतंकी लतीफ भट?

मोहम्मद लतीफ भट कुलगाम के ख्रेवन चदेर यानी अशमुजी इलाके का रहने वाला था। उसकी उम्र महज 22 साल बताई जा रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

जानकारी के मुताबिक, लतीफ साल 2025 की शुरुआत में अपने घर से लापता हो गया था। इसके बाद परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में पाकिस्तान में बैठे सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके सहयोगी टीआरएफ के नेटवर्क में शामिल कर लिया था।

लतीफ ने अशमुजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुछ समय तक कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में भी पढ़ाई की। आतंकी गतिविधियों में शामिल होने से पहले वह बढ़ई का काम करता था।

गौरतलब है कि उसका साथी उमर निसार भट भी 16 नवंबर को कुलगाम के लरनू बाईपास पर हुई मुठभेड़ में मारा गया था। अब लतीफ भट के मारे जाने को सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *