Headlines

अखिलेश यादव पर OP राजभर का बड़ा तंज, बोले- मुस्लिम को सौंप दें सपा की कमान

अखिलेश यादव को राजभर की बड़ी सलाह, बोले- खुद इस्तीफा देकर किसी मुस्लिम को सौंप दें सपा की कमान

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी में संगठनात्मक फेरबदल को लेकर राजनीति गरमा गई है। सपा द्वारा हापुड़ की जिला कार्यकारिणी समेत कई संगठनात्मक इकाइयों को भंग किए जाने पर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि एक-एक करके जिला कार्यकारिणी भंग करने से बेहतर है कि अखिलेश यादव पूरी प्रदेश और राष्ट्रीय कार्यकारिणी ही भंग कर दें। इतना ही नहीं, उन्हें खुद भी राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और पार्टी की कमान किसी मुस्लिम युवा नेता को सौंप देनी चाहिए।

अखिलेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप

ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के संगठन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी में लुटेरे, गुंडे और माफिया भरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, सपा के जिला स्तर के संगठनों में आपसी खींचतान और टकराव बढ़ रहा है।

राजभर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव को संबोधित किया। उन्होंने लिखा कि कन्नौज, एटा, कासगंज और गोरखपुर के बाद अब हापुड़ की कार्यकारिणी पर भी कार्रवाई की गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक जिला, एक माफिया वाले कथित सिंडिकेट को टुकड़ों में नहीं, बल्कि एक साथ खत्म कर देना चाहिए।

मुस्लिम नेता को सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की सलाह

राजभर ने अपने बयान में मुस्लिम वोट बैंक का भी जिक्र किया। उन्होंने अखिलेश यादव को सलाह दी कि किसी योग्य मुस्लिम युवा नेता को समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद ऐसा करने से नाराज मुस्लिम मतदाताओं का दिल पिघल जाए और चुनाव में पार्टी की कुछ इज्जत बच जाए।

आखिर सपा ने क्यों भंग की कार्यकारिणी?

दरअसल, समाजवादी पार्टी ने हापुड़ की जिला कार्यकारिणी, फ्रंटल संगठनों के साथ-साथ पार्टी की राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी के इस फैसले के बाद संगठन के भीतर चल रही खींचतान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

अब देखना होगा कि ओम प्रकाश राजभर के इस हमले पर अखिलेश यादव या समाजवादी पार्टी की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है और 2027 के चुनाव से पहले यूपी की सियासत में यह बयान कितना तूल पकड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *